Bihar News: तीन बच्चों की मां की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप h3>
भागलपुर के बरारी थाना क्षेत्र से सोमवार को एक महिला की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया। मृतक महिला की सास जोहरा बेगम ने बताया कि महिला ने अपने कमरे में फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली है। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
मायके वालों के पहुंचते ही बदला घटनाक्रम
मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे महिला के मायके पक्ष के लोग कलकत्ता से भागलपुर पहुंचे। घटना की जानकारी मिलते ही पहुंचे परिजनों ने महिला के पति इम्तियाजुल सहित अन्य ससुराल पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाए। मायके वालों ने दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया।
पिता ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक महिला के पिता मोहम्मद शमी ने बताया कि वर्ष 2013 में उन्होंने अपनी छोटी बेटी खुशबू की शादी बरारी कुप्पाघाट निवासी इम्तियाजुल से धूमधाम से की थी। शादी के कुछ ही महीनों बाद से दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटी के साथ लगातार मारपीट की जाने लगी। उन्होंने कहा कि इस मामले में एक बार पंचायत भी बुलाई गई थी और उन्होंने स्वयं 50 हजार रुपये भी दिए थे।
पढ़ें- Bihar News: सीएम नीतीश कुमार की घोषणा पर उनके अधिकारी ही लगा रहे ग्रहण, कैसे चालू होंगी बंद चीनी मिलें?
तीन बच्चों की मां थी मृतका
पिता का आरोप है कि दहेज देने के बावजूद ससुराल पक्ष का मन नहीं भरा और उनकी बेटी के साथ मारपीट का सिलसिला जारी रहा। उन्होंने बताया कि खुशबू तीन बच्चों की मां थी और अंततः उसे मौत के घाट उतार दिया गया। मृतक महिला की मामी और पिता ने कथित आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच और पोस्टमार्टम पर टिकी नजर
मामले को लेकर स्थानीय थाना पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।




