भारत में रक्षा अताशे रहीं आइलीन लौबाकर ने अमेरिका में चौंकाया, रिपब्लिकन गढ़ में डेमोक्रेट पार्टी को दिलाई जीत
अमेरिका में हुए मध्यावधि चुनावों में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है, जहाँ कभी रिपब्लिकन पार्टी का मजबूत किला माने जाने वाले कोलोराडो के एक निर्वाचन क्षेत्र से डेमोक्रेटिक उम्मीदवार ने जीत दर्ज की है…
अमेरिका में हुए मध्यावधि चुनावों में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है, जहाँ कभी रिपब्लिकन पार्टी का मजबूत किला माने जाने वाले कोलोराडो के एक निर्वाचन क्षेत्र से डेमोक्रेटिक उम्मीदवार ने जीत दर्ज की है। खास बात यह है कि विजेता, आइलीन लौबाकर, अमेरिकी नौसेना की पूर्व रियर एडमिरल हैं और नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास में रक्षा अताशे के तौर पर भी काम कर चुकी हैं।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को घोषित परिणामों में डेमोक्रेट लौबाकर ने अपनी रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी लॉरेन बोबर्ट को हरा दिया। यह जीत केवल 3,000 वोटों के मामूली अंतर से हुई, लेकिन इसे अहम माना जा रहा है क्योंकि 2024 में इसी सीट से बोबर्ट ने 24 प्रतिशत के भारी अंतर से जीत हासिल की थी। अपनी जीत के बाद लौबाकर ने कहा, "मैं कोलोराडो के भले के लिए हर किसी के साथ मिलकर काम करूंगी—चाहे वे राष्ट्रपति (डोनाल्ड) ट्रंप हों, रिपब्लिकन हों या डेमोक्रेट।"
भारत से जुड़ाव और सैन्य पृष्ठभूमि
आइलीन लौबाकर का भारत से गहरा नाता रहा है। वह 2019 से 2022 तक नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास में डिफेंस अताशे (एक उच्च-स्तरीय सैन्य अधिकारी) के पद पर तैनात थीं। इसी कार्यकाल के दौरान भारत और अमेरिका के बीच रक्षा सहयोग को मजबूत करने वाले 'बेसिक एक्सचेंज एंड कोऑपरेशन एग्रीमेंट' (BECA) पर हस्ताक्षर हुए थे। इस समझौते ने दोनों देशों के बीच सटीक नेविगेशन और लक्ष्य साधने में मददगार जियोस्पेशियल और सैटेलाइट डेटा साझा करने का मार्ग प्रशस्त किया। नई दिल्ली में तैनाती के दौरान ही उन्हें 'रियर एडमिरल' के पद पर पदोन्नत किया गया था।
नौसेना की पृष्ठभूमि उनके परिवार से जुड़ी है; उनके दादा नेवी में गोताखोर और पिता वाइस एडमिरल थे। लौबाकर ने खुद नेवी इंटेलिजेंस और अफगानिस्तान में भी अपनी सेवाएं दी हैं। राजनीति में आने से पहले वह राष्ट्रपति जो बाइडन की विशेष सहायक और नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल में दक्षिण एशिया के लिए वरिष्ठ निदेशक भी रहीं।
विवादों में रहीं लॉरेन बोबर्ट
हारे हुए उम्मीदवार, रिपब्लिकन लॉरेन बोबर्ट, अपनी तीखी बयानबाजी और विवादित छवि के लिए जानी जाती हैं। अपनी हार स्वीकार करते हुए उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, "मैं अब अपने घर पर हूं, खुश हूं और मुझे सुकून है। लेकिन ऐसा नहीं है कि मैं वापसी नहीं करूंगा।" बोबर्ट पहले डोनाल्ड ट्रंप की कट्टर समर्थक थीं, लेकिन बाद में उन्होंने दूरी बना ली थी। हाल ही में एक थिएटर में अपने पुरुष मित्र के साथ हंगामा करने, तेज आवाज में गाने और स्टाफ से बदसलूकी करने के आरोप में उन्हें बाहर निकाल दिया गया था, जिसके लिए बाद में उन्होंने माफी भी मांगी थी।
दिलचस्प बात यह है कि आइलीन लौबाकर पिछले साल तक एक रजिस्टर्ड रिपब्लिकन थीं, लेकिन बाद में वह डेमोक्रेटिक पार्टी में शामिल हो गईं। उन्होंने इस क्षेत्र के राजनीतिक मिजाज को देखते हुए खुद को एक 'सेंट्रिस्ट' यानी मध्यमार्गी उम्मीदवार के तौर पर पेश किया था।
इनपुट: IANS



