बलूचिस्तान: मस्तंग के बाद अब नुश्की में पाकिस्तानी सुरक्षा चौकियों पर हमला, दागे गए रॉकेट
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सुरक्षा बलों पर हमलों का सिलसिला जारी है। मस्तंग में एक सैन्य शिविर पर हुए बड़े हमले के ठीक एक दिन बाद, अब नुश्की में पाकिस्तानी सुरक्षा चौकियों को निशाना बनाया गया…
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सुरक्षा बलों पर हमलों का सिलसिला जारी है। मस्तंग में एक सैन्य शिविर पर हुए बड़े हमले के ठीक एक दिन बाद, अब नुश्की में पाकिस्तानी सुरक्षा चौकियों को निशाना बनाया गया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, शुक्रवार को इन चौकियों पर रॉकेट दागे गए और भारी गोलीबारी की गई।
जानकारी के मुताबिक, नुश्की में फुटबॉल स्टेडियम के पास और अन्य इलाकों में स्थित सैन्य चौकियों को निशाना बनाया गया। इलाके में लगातार हो रही भारी गोलीबारी और धमाकों की आवाज़ों से दहशत फैल गई, जिसके चलते कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। पुलिस ने भी स्टेडियम के आसपास के क्षेत्र में और एक सुरक्षा चौकी के पास गोलीबारी होने की पुष्टि की है।
मस्तुंग हमले की BLA ने ली ज़िम्मेदारी
यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब गुरुवार को मस्तंग में हुए एक आत्मघाती बम विस्फोट और सशस्त्र हमले के बाद पूरे बलूचिस्तान में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। मस्तंग में विस्फोटकों से लदे एक ट्रक ने मुख्य सैन्य शिविर को टक्कर मार दी थी, जिसमें कई लोगों के हताहत होने की खबर थी।
इस बीच, बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने मस्तंग के सैन्य शिविर पर हुए हमले की ज़िम्मेदारी ली है। BLA के प्रवक्ता जियांद बलूच ने एक बयान में दावा किया कि उनके समूह 'मजीद ब्रिगेड' ने कनक इलाके में स्थित सैन्य शिविर पर यह आत्मघाती हमला किया था। उन्होंने दावा किया कि इस हमले में 18 पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी मारे गए और शिविर पूरी तरह तबाह हो गया, हालांकि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।
पहले भी हुए थे ड्रोन और IED हमले
जियांद बलूच ने यह भी दावा किया कि उनके लड़ाके एक वाहन लेकर शिविर में घुसे थे और विस्फोट के बाद उन्होंने सैन्य कर्मियों पर हमला किया। BLA के मीडिया विंग 'हक्कल' ने कुछ फुटेज भी जारी किए हैं, जिनमें परिसर को हुए नुकसान और उनके लड़ाकों को पास की चौकियों पर गोलीबारी करते हुए दिखाया गया है। 'द बलूचिस्तान पोस्ट' के अनुसार, गुरुवार देर रात क्वेटा के सरियाब इलाके में भी एक विस्फोट हुआ था।
बलूचिस्तान में हाल के दिनों में सुरक्षा बलों पर हमले बढ़े हैं। इसी हफ्ते की शुरुआत में, मस्तंग और कलात जिलों में पाकिस्तानी बलों पर कई ड्रोन और इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) से हमले हुए थे, जिनमें भारी नुकसान हुआ था।
इनपुट: IANS



