जापान की PM तकाइची अगले हफ़्ते चीन और फिलीपींस की यात्रा पर, APEC और आसियान बैठकों में होंगी शामिल
जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची अगले सप्ताह अपनी चार दिवसीय यात्रा पर फिलीपींस और चीन के लिए रवाना होंगी। प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद यह उनका पहला चीन दौरा होगा, जिसे दोनों देशों के बीच पिछले…
जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची अगले सप्ताह अपनी चार दिवसीय यात्रा पर फिलीपींस और चीन के लिए रवाना होंगी। प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद यह उनका पहला चीन दौरा होगा, जिसे दोनों देशों के बीच पिछले साल पैदा हुए तनाव के बाद काफी अहम माना जा रहा है।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य 'एसोसिएशन ऑफ साउथईस्ट एशियन नेशंस' (आसियान) और 'एशिया-पैसिफिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन' (एपेक) से जुड़ी अहम बैठकों में हिस्सा लेना है। उप मुख्य कैबिनेट सचिव मसानाओ ओजाकी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि प्रधानमंत्री तकाइची सोमवार को अपनी यात्रा शुरू करेंगी।
क्वाड और आसियान पर फोकस
मनीला में उनके कार्यक्रम में मंगलवार को होने वाला 'जापान-आसियान शिखर सम्मेलन' शामिल है। ओजाकी के मुताबिक, जापान आसियान को 'मुक्त और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र' के विजन को साकार करने में एक "मुख्य स्तंभ" मानता है और इस दिशा में "ठोस सहायता और सहयोग" को बढ़ावा देने के अपने रुख पर कायम रहेगा। इसी दौरान, मनीला में ऑस्ट्रेलिया, भारत, जापान और अमेरिका के 'क्वाड' समूह की एक बैठक की भी तैयारी चल रही है। सितंबर 2024 के बाद यह पहला क्वाड शिखर सम्मेलन होगा। राजनयिक सूत्रों ने यह भी बताया कि टोक्यो द्वारा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और तकाइची के बीच एक अलग बैठक के लिए वाशिंगटन से बातचीत की जा रही है।
चीन में APEC शिखर सम्मेलन
फिलीपींस के बाद, प्रधानमंत्री तकाइची गुरुवार को चीन के दक्षिणी शहर शेन्जेन जाएंगी। वहां वह एपेक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगी, जिसमें व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रीय आर्थिक मुद्दों पर चर्चा होगी। यात्रा के दौरान विभिन्न नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकों की भी तैयारी की जा रही है। इसके अतिरिक्त, फिलीपींस में तकाइची जापान द्वारा शुरू किए गए कार्बन उत्सर्जन कम करने के फ्रेमवर्क 'एशिया जीरो एमिशन कम्युनिटी' की एक बैठक की सह-अध्यक्षता भी करेंगी।
इनपुट: IANS



