मदुरै पुलिस थाने में शिकायतकर्ता की संदिग्ध मौत, SHO सस्पेंड और जांच CB-CID के हवाले
तमिलनाडु के मदुरै जिले में एक पुलिस स्टेशन के भीतर ही एक शिकायतकर्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। यह घटना चेक्कनुरानी थाने की है, जहाँ एक पुराने मामले की जांच में सहयोग करने आए व्यक्ति…
तमिलनाडु के मदुरै जिले में एक पुलिस स्टेशन के भीतर ही एक शिकायतकर्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। यह घटना चेक्कनुरानी थाने की है, जहाँ एक पुराने मामले की जांच में सहयोग करने आए व्यक्ति को वॉशरूम में बेहोश पाया गया और बाद में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस गंभीर मामले के बाद स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) और घटना के समय ड्यूटी पर तैनात अन्य पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
मृतक की पहचान थेनी जिले के निवासी बालकृष्णन के रूप में हुई है, जो एक डिलीवरी कंपनी में ड्राइवर का काम करते थे। मामला 3 नवंबर की एक घटना से जुड़ा है, जब बालकृष्णन पार्सल और इलायची से लदा अपना आइशर मालवाहक वाहन थेवरम से मदुरै ले जा रहे थे। रास्ते में वाहन में आग लग गई थी, जिससे सारा सामान जलकर नष्ट हो गया था।
जांच में मदद करने आए थे थाने
वाहन में आग लगने की शिकायत खुद बालकृष्णन ने दर्ज कराई थी, जिस पर वलंदुर थाना पुलिस ने आकस्मिक आग का मामला बनाया था। इसी जांच के सिलसिले में वह सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा में पुलिस की मदद करने के लिए चेक्कनुरानी पुलिस स्टेशन गए थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वह इंस्पेक्टर के कमरे में मौजूद थे और वहां से वॉशरूम गए।
सुबह करीब 6 बजे उन्हें वॉशरूम के अंदर बेहोशी की हालत में पाया गया। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि बालकृष्णन ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी। उन्हें फौरन मदुरै के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
CB-CID करेगी निष्पक्ष जांच
इस घटना के बाद प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कड़े कदम उठाए हैं। अधिकारियों ने बताया कि मामले की न्यायिक जांच भी कराई जाएगी। साथ ही, जांच प्रक्रिया में किसी भी तरह के संदेह से बचने और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए पूरा मामला अब सीबी-सीआईडी (CB-CID) को सौंपा जाएगा। पुलिस स्टेशन के संबंधित सीसीटीवी फुटेज को भी सुरक्षित रख लिया गया है।
इनपुट: IANS



