तेलंगाना: गिग वर्कर्स के लिए नई सामाजिक सुरक्षा योजना, 5 लाख का दुर्घटना और 10 लाख का स्वास्थ्य बीमा मिलेगा
तेलंगाना की कांग्रेस सरकार ने राज्य के गिग वर्कर्स के लिए एक नई सामाजिक सुरक्षा और कल्याण योजना की शुरुआत की है। इस योजना के तहत कर्मचारियों को 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और 10 लाख रुपये का…
तेलंगाना की कांग्रेस सरकार ने राज्य के गिग वर्कर्स के लिए एक नई सामाजिक सुरक्षा और कल्याण योजना की शुरुआत की है। इस योजना के तहत कर्मचारियों को 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा प्रदान किया जाएगा। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के साथ इस योजना का शुभारंभ किया।
यह घोषणा हैदराबाद में शिल्पा रामम से जयाभेरी ग्राउंड तक आयोजित गिग वर्कर्स की एक बाइक रैली के दौरान की गई, जिसमें राहुल गांधी और मुख्यमंत्री ने भी हिस्सा लिया। इस मौके पर गिग वर्कर्स को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि कुछ समय पहले हुई एक बैठक में किए गए वादों को अब पूरा किया जा रहा है।
योजना के मुख्य प्रावधान
इस नई स्कीम के तहत गिग वर्कर्स के लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। राहुल गांधी ने बताया, "तेलंगाना सरकार 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा देने की गारंटी दे रही है।"
इसके अलावा, हर डिलीवरी ट्रांजैक्शन का 1 प्रतिशत हिस्सा सीधे गिग वर्कर्स के बैंक खाते में जाएगा। यह रकम पहले 'गिग वर्कर्स बोर्ड' में जमा होगी और फिर वहां से कर्मचारियों को वितरित की जाएगी। साथ ही, हैदराबाद और राज्य के अन्य शहरों में गिग वर्कर्स के लिए वाई-फाई युक्त 'रेस्ट जोन' बनाए जाएंगे, जहां वे अपने वाहन पार्क कर आराम कर सकेंगे।
डेटा पर अधिकार और अर्थव्यवस्था में भूमिका
राहुल गांधी ने कहा कि 21वीं सदी डेटा की है और अब इस योजना के माध्यम से गिग वर्कर्स को अपने काम के डेटा पर अधिकार मिलेगा, जिसे वे देख पाएंगे। उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर गिग वर्कर्स के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए कहा, "भाजपा-आरएसएस के लोग गिग वर्कर्स को बंधुआ मजदूर मानते हैं... जबकि कांग्रेस पार्टी गिग वर्कर्स को देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ मानती है।"
उन्होंने आगे आश्वासन दिया, "गिग वर्कर साथियों, आप घबराइये मत। तेलंगाना की कांग्रेस सरकार आपके साथ खड़ी है। हम आपको पार्टनर बनाएंगे। हम आपके परिवारों की शिक्षा और स्वास्थ्य की पूरी जिम्मेदारी लेंगे और आपकी मदद करेंगे।"
इनपुट: IANS



