पंजाब: रवनीत बिट्टू के काफिले पर अंडे-टमाटर से हमला, BJP नेता ने AAP पर लगाया साजिश का आरोप
पंजाब के बटाला में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के काफिले को निशाना बनाया गया है। बटाला के घासीतपुर गांव के पास कुछ लोगों…
पंजाब के बटाला में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के काफिले को निशाना बनाया गया है। बटाला के घासीतपुर गांव के पास कुछ लोगों ने उनके वाहनों पर अंडे और टमाटर फेंके और नारेबाजी की। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस घटना के बाद बिट्टू ने सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) पर हमले की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है।
रवनीत सिंह बिट्टू भाजपा की 'नशा विरोधी यात्रा' में हिस्सा लेने के लिए जा रहे थे, जब यह हमला हुआ। उन्होंने दावा किया कि हमले में उनकी गाड़ी के शीशे भी टूट गए। मौके पर मौजूद पत्रकारों से बातचीत में बिट्टू ने कहा, "आम आदमी पार्टी की सरकार और नशा करने वाले सब मिले हुए हैं। वहां करीब 500 लोग थे।" उन्होंने अपनी Z-प्लस सुरक्षा और लगभग 100 सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी का भी जिक्र किया।
हमलावरों को पकड़ने और फोन जब्त करने का दावा
बिट्टू ने दावा किया कि उनके सुरक्षाकर्मियों ने तीन हमलावरों को पकड़ा है और उनके फोन भी जब्त कर लिए हैं। उन्होंने कहा, "इनके फोन सारे राज खोलेंगे। फोन पर लगातार कहा जा रहा था कि 'उन्हें घेरो, उन्हें मारो, उनकी जान ले लो'। अंडे-टमाटर तो छोटी बात है, उनमें से कुछ के पास हथियार भी थे।" भाजपा नेता के मुताबिक, पकड़े गए लोग किसी पार्टी के कार्यकर्ता हैं और उन्हें योजना के तहत भेजा गया था।
पुलिस और मुख्यमंत्री पर निशाना
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने स्थानीय पुलिस पर भी कार्रवाई में देरी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "हम लोग यहां सुबह करीब 9 बजे से बैठे हैं, लेकिन पौने 11 बजे तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।" मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए बिट्टू ने कहा कि इस घटना से साफ हो गया है कि 'आप' नेता नशे के सौदागर हैं। उन्होंने कहा, "हम बम-गोलियों से नहीं डरे हैं, तो क्या ये अंडे, टमाटर और पत्थर हमें रोक लेंगे?"
इनपुट: IANS



