अमृतसर: ड्यूटी पर तैनात ASI की गोली मारकर हत्या, पंजाब सरकार ने 2 करोड़ की सहायता राशि का ऐलान किया
पंजाब के अमृतसर में ड्यूटी के दौरान एक सहायक सब-इंस्पेक्टर (ASI) की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना गेट हकीमा इलाके में देर रात हुई, जब एएसआई हरजीत सिंह अपनी ड्यूटी पर तैनात थे…
पंजाब के अमृतसर में ड्यूटी के दौरान एक सहायक सब-इंस्पेक्टर (ASI) की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना गेट हकीमा इलाके में देर रात हुई, जब एएसआई हरजीत सिंह अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, गोली लगने के बाद घायल अवस्था में उन्हें तत्काल एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और स्थानीय थाने की टीम मौके पर पहुँची और मामले की जाँच शुरू कर दी है। इस घटना पर राज्य के मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक ने गहरा शोक व्यक्त किया है और शहीद के परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है।
शहीद के परिवार को 2 करोड़ की आर्थिक मदद
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर शहीद एएसआई हरजीत सिंह की बहादुरी को सलाम करते हुए उनके परिवार के लिए 2 करोड़ रुपए की कुल आर्थिक सहायता की घोषणा की है। उन्होंने लिखा, "पंजाब सरकार की ओर से परिवार को 1 करोड़ रुपए की अनुग्रह राशि और एचडीएफसी बैंक की ओर से 1 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बीमा भुगतान दिया जाएगा।" मुख्यमंत्री ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पंजाब सरकार शहीद के परिवार के साथ चट्टान की तरह खड़ी है।
अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा, "उनकी असीम हिम्मत और कर्तव्य के प्रति समर्पण को हमेशा याद रखा जाएगा। ...उनका सर्वोच्च बलिदान हम सभी को पूरी बहादुरी और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने के लिए प्रेरित करता रहेगा।"
पुलिस विभाग ने जताया शोक
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने भी 'एक्स' पर पोस्ट कर ASI हरजीत सिंह के सर्वोच्च बलिदान पर दुख जताया। उन्होंने कहा, "अमृतसर जिले के हमारे बहादुर पुलिस अधिकारी एएसआई हरजीत सिंह ने ड्यूटी के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया। पंजाब पुलिस इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।" डीजीपी ने यह भी पुष्टि की कि शहीद को पूरे पुलिस सम्मान के साथ विदाई दी जाएगी और उनकी प्रार्थनाएं परिवार के साथ हैं।
इनपुट: IANS



