नवी मुंबई: स्पंज बनाने वाली कंपनी में भीषण आग, दमकल की 8 गाड़ियां काबू पाने में जुटीं
महाराष्ट्र के नवी मुंबई स्थित रबाले एमआईडीसी इलाके में रविवार सुबह एक कंपनी आग की चपेट में आ गई। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, आग इतनी भीषण थी कि पूरे क्षेत्र में धुएं का घना गुबार…
महाराष्ट्र के नवी मुंबई स्थित रबाले एमआईडीसी इलाके में रविवार सुबह एक कंपनी आग की चपेट में आ गई। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, आग इतनी भीषण थी कि पूरे क्षेत्र में धुएं का घना गुबार फैल गया, जिससे अफरातफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि इस घटना में अब तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
आग प्लॉट नंबर 823 पर स्थित एक कंपनी में लगी, जहां स्पंज बनाने का काम होता था। माना जा रहा है कि ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही नवी मुंबई दमकल विभाग की टीमें तुरंत हरकत में आ गईं और आग पर काबू पाने के लिए करीब 7 से 8 गाड़ियां मौके पर भेज दीं।
जांच के बाद चलेगा वजह का पता
दमकलकर्मी आग बुझाने के काम में जुटे हुए हैं। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग किस वजह से लगी। दमकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही इसके कारणों की जांच की जाएगी।
यह घटना महाराष्ट्र में हाल के दिनों में हुई आग की एक और बड़ी घटना है। कुछ समय पहले अमरावती के जिला महिला अस्पताल के नवजात शिशु गहन चिकित्सा कक्ष (एनआईसीयू) में वेंटिलेटर फटने से आग लग गई थी, जिसमें तीन नवजात शिशुओं की दुखद मौत हो गई थी। उस दौरान अस्पताल कर्मचारियों ने 39 में से कई बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था।
इनपुट: IANS



