मन की बात: PM मोदी ने की युवाओं से अपील, 'नशा मुक्त भारत' अभियान में रचनात्मक भूमिका निभाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 137वें एपिसोड में देश को नशा मुक्त बनाने के अभियान पर ज़ोर दिया। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं, कलाकारों और कंटेंट क्रिएटर्स का…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 137वें एपिसोड में देश को नशा मुक्त बनाने के अभियान पर ज़ोर दिया। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं, कलाकारों और कंटेंट क्रिएटर्स का आह्वान करते हुए कहा कि वे इस मुहिम को सफल बनाने के लिए अपनी रचनात्मकता का उपयोग करें। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पीएम मोदी ने 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' अभियान को एक सामूहिक संकल्प बताया, जिसका उद्देश्य युवाओं का स्वास्थ्य, उनकी खुशी और उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करना है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि नशे की लत के दुष्परिणाम सिर्फ व्यक्ति तक सीमित नहीं रहते, बल्कि यह पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करती है। उन्होंने उन सभी लोगों की सराहना की जो ड्रग्स के खिलाफ जागरूकता फैला रहे हैं और नशे की लत से जूझ रहे लोगों की मदद कर रहे हैं।
कंटेंट क्रिएटर्स से विशेष आग्रह
पीएम मोदी ने देश के रचनात्मक प्रतिभाओं से इस अभियान के लिए प्रभावशाली कंटेंट बनाने की अपील की। उन्होंने कहा, "नशा मुक्त भारत के लिए क्या आप कोई पावरफुल स्लोगन बना सकते हैं? क्या हमारे युवा संगीतकार ऐसे गाने बना सकते हैं जिनमें ड्रग फ्री लाइफ का मैसेज हो?"
प्रधानमंत्री ने छात्रों और थिएटर समूहों को भी ऐसे लघु नाटक लिखने के लिए प्रोत्साहित किया, जो ड्रग्स के खतरों के साथ-साथ इससे बाहर निकलने का रास्ता भी दिखाएं। उनका मानना था कि "कई बार क्रिएटिव एफर्ट, फॉर्मल कैंपेन से ज्यादा असरदार होते हैं।"
सोशल मीडिया पर साझा करने की अपील
प्रधानमंत्री ने लोगों से इस पवित्र कार्य में अपनी भूमिका निभाने का आग्रह किया और अपने प्रयासों को सोशल मीडिया पर #नशामुक्तयुवा हैशटैग के साथ साझा करने के लिए भी कहा। उन्होंने विश्वास जताया कि देश में बेहतरीन कंटेंट क्रिएटर्स की कमी नहीं है और वे विभिन्न भाषाओं में ऐसा कंटेंट बना सकते हैं जो समाज को इस दिशा में मदद करेगा।
इनपुट: IANS



