दिल्ली में टारगेट किलिंग की बड़ी साजिश नाकाम, लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े तीन शूटर गिरफ्तार
दिल्ली में एक बड़ी टारगेट किलिंग की साजिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस के रोहिणी जिला स्पेशल स्टाफ ने रविवार को तीन शूटरों को गिरफ्तार किया,
दिल्ली में एक बड़ी टारगेट किलिंग की साजिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस के रोहिणी जिला स्पेशल स्टाफ ने रविवार को तीन शूटरों को गिरफ्तार किया, जो इस वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। बताया जा रहा है कि ये शूटर विदेश में बैठे एक नेटवर्क के इशारे पर काम कर रहे थे और राजधानी में कई जगहों की रेकी भी कर चुके थे।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रणदीप मलिक, हरि बॉक्सर और अनिल पंडित के रूप में हुई है। ये तीनों दिल्ली में कई आपराधिक घटनाओं में वांछित थे। पुलिस के मुताबिक, इनके तार कथित तौर पर 'लॉरेंस बिश्नोई-हरी बॉक्सर गैंग' से जुड़े हैं।
रंगदारी और हत्या के मामले में संलिप्तता
रोहिणी के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP) शशांक जायसवाल ने बताया कि तीनों आरोपी गैंगस्टरों के लिए काम करते थे। उन्होंने कहा, "रणदीप मलिक, हरि बॉक्सर और अनिल पंडित गैंगस्टरों के कहने पर काम कर रहे थे और उनके लिए रेकी भी करते थे।" डीसीपी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से एक 2024 में हत्या के एक मामले में पहले भी गिरफ्तार हो चुका था। वह जेल से छूटने के बाद दोबारा अपराध करने की फिराक में था, लेकिन उसे पहले ही पकड़ लिया गया।
पुलिस ने यह भी खुलासा किया कि आरोपी रंगदारी मांगने में भी शामिल थे। श्री जायसवाल ने कहा, "रणदीप मलिक ने शुरू में एक करोड़ रुपए की मांग की थी, जिसे बाद में हरि बॉक्सर ने बढ़ा दिया था।"
लॉरेंस बिश्नोई गैंग से संबंधों की जांच जारी
हालांकि, पुलिस अधिकारी ने यह स्पष्ट किया कि इन शूटरों के लॉरेंस बिश्नोई गैंग से सीधे संबंध हैं या नहीं, यह अभी जांच का विषय है। गौरतलब है कि हाल ही में अमेरिकी एजेंसी एफबीआई ने 'ऑपरेशन हार्ड बॉल' के तहत लॉरेंस बिश्नोई नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया था। इस ऑपरेशन का मकसद उत्तरी अमेरिका और भारत में सक्रिय इस अंतरराष्ट्रीय आपराधिक सिंडिकेट को कमजोर करना था।
इनपुट: IANS



