दिल्ली: पत्नी के चरित्र पर शक में पति ने की हत्या, फिर ज़हर खाकर दी जान
पश्चिमी दिल्ली के रणहोला इलाके में एक खौफनाक वारदात सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या करने के बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, शक के आधार प
पश्चिमी दिल्ली के रणहोला इलाके में एक खौफनाक वारदात सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या करने के बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, शक के आधार पर हुए इस अपराध के बाद दंपति की तीन साल की बेटी सुरक्षित है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
यह घटना 2 जुलाई को रणहोला थाना क्षेत्र के तिलंगपुर कोटला गांव में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला पर जानलेवा हमला हुआ है। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो एक किराए के मकान में 23-24 वर्षीय निशा खून से लथपथ और गंभीर रूप से घायल मिलीं। उनके सिर पर गहरी चोट के निशान थे। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शक में हत्या और फिर आत्महत्या
पुलिस जांच में पता चला कि निशा के 28 वर्षीय पति विनय ने ही एक्साइड बैटरी से उनके सिर पर कई वार किए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद विनय ने सल्फास की गोलियां खा लीं। इसके बाद वह अपनी तीन साल की बेटी को लेकर पास में ही अपनी मां के घर गया। वहां से उसने अपनी बहन प्रिया को फोन कर बताया कि उसने पत्नी की हत्या कर दी है क्योंकि उसे शक था कि वह किसी और से फोन पर बात कर रही थी।
विनय ने अपनी बहन को यह भी बताया कि उसने खुद भी जहर खा लिया है और निशा को जाकर देखने के लिए कहा। जब प्रिया अपनी भाभी के कमरे में पहुंची तो उन्हें मृत पाया, जिसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने घायल विनय को भी मंगोलपुरी के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस के अनुसार, विनय और निशा की शादी करीब चार-पांच साल पहले हुई थी और वे पिछले कुछ महीनों से तिलंगपुर कोटला में किराए पर रह रहे थे। विनय उत्तम नगर की एक निजी कंपनी में काम करता था। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पारिवारिक विवाद सहित सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
इनपुट: IANS



