दिल्ली: 'लक्ष्मी योजना' को हरी झंडी, 1 अगस्त से रजिस्ट्रेशन शुरू, 17 लाख महिलाओं को मिलेंगे ₹2,500 प्रति माह
दिल्ली की महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता से जुड़ी 'दिल्ली लक्ष्मी योजना' को सरकार ने अपनी मंजूरी दे दी है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने ₹2,500 की वित्तीय मदद दी जाएगी। समाचार एजेंसी IANS…
दिल्ली की महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता से जुड़ी 'दिल्ली लक्ष्मी योजना' को सरकार ने अपनी मंजूरी दे दी है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने ₹2,500 की वित्तीय मदद दी जाएगी। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस फैसले के बाद दिल्ली सचिवालय में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का आभार जताने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएँ पहुँचीं।
योजना के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 1 अगस्त से शुरू हो जाएगी। भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने IANS से बातचीत में बताया कि सरकार का लक्ष्य रक्षाबंधन तक इस योजना की पहली किस्त लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुँचाने का है। उन्होंने कहा, "इस योजना के तहत 21 से 60 वर्ष की पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपए की सहायता दी जाएगी।" अनुमान है कि इस पहल से 17 लाख से अधिक महिलाओं को सीधा लाभ मिलेगा।
महिलाओं ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
इस घोषणा के बाद महिलाओं में खासा उत्साह देखा गया। दिल्ली सचिवालय पहुँची अनीता अग्रवाल ने कहा, "मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जो वादा किया था, उसे पूरा करके दिखाया है। यह योजना महिलाओं के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी और इससे हजारों परिवारों को आर्थिक सहारा मिलेगा।" एक अन्य महिला ने इस पहल को जरूरतमंद बहनों के लिए राहत बताते हुए कहा कि इससे लाखों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महिलाओं के स्नेह और विश्वास के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह योजना नारी शक्ति के सम्मान, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया, "यह योजना महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने में भी मददगार साबित होगी।" उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार हर बेटी, बहन और परिवार के उज्ज्वल भविष्य के लिए लगातार काम करती रहेगी।
इनपुट: IANS



