बैंक धोखाधड़ी में 18 साल से फरार घोषित अपराधी गिरफ्तार, CBI ने बिहार से पकड़ा
बैंक धोखाधड़ी के एक पुराने मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। एजेंसी ने 18 वर्षों से फरार चल रहे एक घोषित अपराधी को बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS…
बैंक धोखाधड़ी के एक पुराने मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। एजेंसी ने 18 वर्षों से फरार चल रहे एक घोषित अपराधी को बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी राजा बिहारी को गुरुवार को बिहार के पुनपुन इलाके से पकड़ा गया। वह एक दशक से भी अधिक समय से मुकदमे की कार्यवाही से बच रहा था।
यह मामला पटना की पाटलिपुत्र कॉलोनी स्थित इलाहाबाद बैंक (अब इंडियन बैंक) की शाखा से जुड़ा है। आरोप है कि राजा बिहारी ने बैंक अधिकारियों और बिचौलियों के साथ मिलकर एक आपराधिक साजिश रची थी। इस मिलीभगत के तहत उसने जाली टाइटल डीड, फर्जी संपत्ति के दस्तावेज और नकली गारंटर का इस्तेमाल कर कैश क्रेडिट (सीसी) लोन हासिल किया था।
कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी
इस धोखाधड़ी के मामले में सीबीआई ने राजा बिहारी समेत कुल 21 आरोपियों के खिलाफ आईपीसी और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धाराओं के तहत केस दर्ज किया था। जांच पूरी होने के बाद, एजेंसी ने 30 अक्टूबर 2009 को सभी आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की, जिस पर अदालत ने 12 नवंबर 2009 को संज्ञान लिया।
हालांकि, राजा बिहारी जांच के दौरान कभी पेश नहीं हुआ और शुरुआत से ही फरार रहा। लगातार गैर-हाजिर रहने के कारण सक्षम अदालत ने उसे 'घोषित अपराधी' करार दे दिया था। सीबीआई की एक विशेष टीम ने खुफिया जानकारी और लगातार प्रयासों के बाद उसे ढूंढ निकाला और गिरफ्तार कर लिया।
एक अन्य मामले में UAE से लाया गया भगोड़ा
एक अलग मामले में सीबीआई ने बुधवार को एक और भगोड़े को विदेश से भारत लाने में सफलता हासिल की। एजेंसी ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस के सहयोग से यौन उत्पीड़न के आरोपी सजीर पल्ली मूप्पम को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से भारत प्रत्यर्पित कराया।
सजीर दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज एक मामले में वांछित था। उस पर अपने एक साथी के साथ मिलकर 20 वर्षीय युवती को नशीला पदार्थ देकर बेहोश करने का आरोप है। इसके बाद वह पीड़िता को एक होटल ले गया, जहां उसने किसी और के पहचान पत्र का इस्तेमाल कर चेक-इन किया और उसके साथ यौन उत्पीड़न किया। मेडिकल और फोरेंसिक रिपोर्ट में भी इसकी पुष्टि हुई थी।
इनपुट: IANS



