झारखंड: थाने से 100 मीटर दूर बैंक में दिनदहाड़े डाका, करोड़ों का सोना और लाखों की नकदी लूटी
झारखंड के गिरिडीह जिले में सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े एक बड़ी डकैती को अंजाम दिया है। गुरुवार को राजधनवार थाना क्षेत्र में, थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर…
झारखंड के गिरिडीह जिले में सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े एक बड़ी डकैती को अंजाम दिया है। गुरुवार को राजधनवार थाना क्षेत्र में, थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित यूको बैंक की शाखा से करोड़ों रुपये का सोना और लाखों की नकदी लूट ली गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
बैंक के शाखा प्रबंधक राहुल कुमार गौर ने घटना का ब्योरा देते हुए बताया कि दोपहर करीब 1:40 बजे पांच अपराधी बैंक में दाखिल हुए। इनमें से एक हेलमेट पहनकर मुख्य दरवाजे पर निगरानी कर रहा था, जबकि चार नकाबपोश अपराधी बंदूक के साथ अंदर घुस आए। उन्होंने बैंक में मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों को तुरंत अपने कब्जे में ले लिया।
बंधक बनाकर 20 मिनट में वारदात
अपराधियों ने बेहद सुनियोजित तरीके से पूरी वारदात को सिर्फ 20 मिनट के भीतर अंजाम दिया। उन्होंने बैंक मैनेजर समेत सभी कर्मचारियों और ग्राहकों पर बंदूक तान दी और उन्हें वॉल्ट के बाहर बैठा दिया। इसके बाद सबके हाथ पीछे बांध दिए गए और मुंह पर टेप चिपका दिया गया।
डकैतों ने बंदूक की नोक पर मैनेजर से वॉल्ट की चाबी ली और फिर उन्हीं से उसे खुलवाया। इस दौरान जो दो नए ग्राहक बैंक में आए, उन्हें भी बंधक बना लिया गया। अपराधियों ने वॉल्ट में रखा सारा सोना और नकदी अपने कब्जे में ले ली।
सबूत मिटाने की कोशिश
बैंक से भागने से पहले, अपराधियों ने घटना से जुड़े डिजिटल सबूतों को मिटाने की कोशिश की। वे अपने साथ बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर बॉक्स भी तोड़कर ले गए। बैंक प्रबंधन द्वारा सूचना दिए जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
कितनी हुई लूट?
शाखा प्रबंधक के अनुसार, लूटे गए सोने की शुरुआती कीमत तीन से चार करोड़ रुपये आंकी जा रही है। इसके अलावा, करीब आठ से दस लाख रुपये की नकदी भी लूटी गई है। हालांकि, बैंक प्रबंधन अभी लूटे गए सोने और नकदी की वास्तविक मात्रा का अंतिम आकलन कर रहा है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और बैंककर्मियों व प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ जारी है।
इनपुट: IANS



