IAS अफसर के फार्म हाउस पर चल रहा था जुआ: महू के मानपुर से 18 जुआरी गिरफ्तार; 13 लाख रुपए से ज्यादा कैश जब्त – Mhow News h3>
महू के मानपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बुधवार तड़के अवलीपुरा स्थित एक फार्म हाउस पर दबिश देकर बड़े जुआ अड्डे का भंडाफोड़ किया। जिस फार्म हाउस पर जुआ चल रहा था वह IAS और शहडोल जिले की पूर्व कलेक्टर वंदना वैध और उनके पति अम्बरीश वैद्य के नाम पर है।
जानकारी की अनुसार अभी फार्म हाउस की देखभाल गांव का ही एक व्यक्ति कर रहा था। पुलिस ने मौके से 18 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया, जबकि पांच आरोपी भागने में सफल हो गए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 13 लाख 67 हजार 971 रुपए नकद, 52 ताश के पत्ते, 30 मोबाइल फोन, 10 नई ताश की गड्डियां और दो कारें जब्त की हैं। जब्त की गई कुल संपत्ति की कीमत करीब 28 लाख 67 हजार 971 रुपए बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम अवलीपुरा स्थित कोठी निवास फार्म हाउस में बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देकर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर कार्रवाई की। बंद गेट के अंदर चल रहा था जुआ जब पुलिस टीम फार्म हाउस पहुंची तो मुख्य गेट बाहर से बंद था, लेकिन अंदर से लोगों की आवाजें सुनाई दे रही थीं। इसके बाद पुलिस ने फार्म हाउस के पीछे की ओर से अंदर प्रवेश किया। वहां बरामदे में रोशनी के बीच कुछ लोग ताश के पत्तों पर दांव लगाकर जुआ खेलते हुए मिले। 18 पकड़ाए, कुछ अंधेरे का फायदा उठाकर भागे पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर मौके से 18 आरोपियों को पकड़ लिया। हालांकि कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भागने में सफल हो गए। पकड़े गए आरोपियों के पास से भारी मात्रा में नकदी और अन्य सामान भी बरामद किया गया। पकड़े गए आरोपी
अलिया उर्फ अलाउद्दीन पिता पीरमोहम्मद (52) निवासी बाजार चौक सिंगाना जिला धार, विजय पिता राजमल मोदी (55) निवासी चोपाटी रोड सदर बाजार कानवन जिला धार, आसिफ पिता चुन्नू खान (48) निवासी मोमिनपुरा महेश्वर जिला खरगोन, ओमप्रकाश पिता जगदीश राठौड़ (48) निवासी श्रीकृष्ण एवेन्यू लिम्बोदी इंदौर, दीनदयाल पिता बलराम जयसवाल (44) निवासी बदनावर जिला धार, राहुल पिता प्रदीप कुमार जैन (34) निवासी बड़नगर जिला उज्जैन, राहुल पिता सरदारमल ओरा (40) निवासी बड़नगर जिला उज्जैन, स्वप्निल पिता सुरेश डुंगरवाल (42) निवासी कुक्षी जिला धार, नीतेश पिता हुकमचंद बंसल (51) निवासी अंजड़ जिला बड़वानी, नवीन पिता लक्ष्मण पाटीदार (48) निवासी राजकोट गुजरात, मनीष पिता बसंतीलाल वाणी (44) निवासी जोबट जिला अलीराजपुर, अभिषेक पिता नंदकिशोर सरसोंदे (33) निवासी बड़नगर जिला उज्जैन, अखिलेश पिता बालकृष्ण इंदर (55) निवासी धार, धीरज पिता गजानंद कर्मा (43) निवासी गोगावा जिला खरगोन, राकेश पिता कालूजी चौधरी (49) निवासी झाबुआ, बृजसिंह पिता हिंदुसिंह यादव (48) निवासी देवास, रवि पिता शिवनारायण चौधरी (45) निवासी देवास और सागर पिता गोपाल सेन (28) निवासी राजगढ़ जिला धार।
पांच आरोपी फरार
कार्रवाई के दौरान जगदीश राठौड़ उर्फ अंकल उर्फ कुबड़ा निवासी राजगढ़, गोपाल निवासी लिंबोदी इंदौर, पप्पू धोबी निवासी राजगढ़, आशीष जैन निवासी बदनावर और फार्म हाउस का केयरटेकर रंजीत जाट निवासी रामपुरिया मानपुर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
इनका कहना है
मामले में मानपुर थाना प्रभारी लोकेंद्र हीहोर का कहना है मुखबिर की सूचना पर अवलीपुरा स्थित फार्म हाउस पर दबिश दी गई थी। मौके से 18 लोगों को जुआ खेलते पकड़ा गया है। कुछ आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। आरोपियों से नकदी, मोबाइल और वाहन जब्त किए गए हैं।