Advertising
Home Top stories पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत का सम्मान बढ़ा: पूर्व सीएम...
Advertising
<

पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत का सम्मान बढ़ा: पूर्व सीएम निशंक बोले- उत्तराखंड ने UCC लागू कर देश को राह दिखाई – Muzaffarnagar News

0
पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत का सम्मान बढ़ा:  पूर्व सीएम निशंक बोले- उत्तराखंड ने UCC लागू कर देश को राह दिखाई – Muzaffarnagar News

पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत का सम्मान बढ़ा: पूर्व सीएम निशंक बोले- उत्तराखंड ने UCC लागू कर देश को राह दिखाई – Muzaffarnagar News

वरुण कुमार शर्मा | मुजफ्फरनगर37 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक मंगलवार को मुजफ्फरनगर पहुंचे। यहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के बढ़ते वैश्विक सम्मान और उत्तराखंड द्वारा समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर देश को दिखाए गए रास्ते पर बात की।

डॉ. निशंक ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व ने दुनिया को एक नए, शक्तिशाली और अखंड भारत का दर्शन कराया है। उनके अनुसार, आज विश्व में भारत का मान बढ़ा है और उसकी नेतृत्व क्षमता भी विकसित हुई है, जिससे वैश्विक पटल पर भारत की ओर देखा जा रहा है।

उन्होंने समान नागरिक संहिता को देश की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया। डॉ. निशंक ने कहा कि उत्तराखंड ने इसे लागू कर देश को एक कानून का रास्ता दिखाया है। उन्होंने धारा 370 हटने के बाद कश्मीर में विकास की धारा बहने का भी जिक्र किया। इसके साथ ही, नई शिक्षा नीति ने देश के भविष्य को संवारने के लिए एक मजबूत मार्ग प्रशस्त किया है, ऐसा निशंक ने कहा।

मुजफ्फरनगर में गांधीनगर स्थित आवास पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी और अन्य पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने डॉ. निशंक का स्वागत किया। इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत में डॉ. निशंक ने कहा कि भाजपा ने देश और राज्यों को मजबूत व स्थिर नेतृत्व प्रदान किया है। उन्होंने ‘सबका साथ, सबका विकास, विश्वास और प्रयास’ के मूलमंत्र के साथ जनहितकारी योजनाओं के माध्यम से देश को प्रगति दी है।

Advertising

भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमेश पोखरियाल ने उत्तर प्रदेश के बारे में कहा कि पहले इसे ‘जंगलराज’ के रूप में देखा जाता था, लेकिन ‘योगीराज’ की स्थापना के बाद एक नई शुरुआत हुई है। उन्होंने कहा कि यूपी के लोगों ने भाजपा को वोट देकर विकास और विश्वास की गंगा को महसूस किया है, और आने वाले समय में उत्तर प्रदेश भाजपा का अभेद्य दुर्ग बनने जा रहा है। उन्होंने सीएम योगी की सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों की सराहना की।

देश की लोकतांत्रिक और राजनीतिक व्यवस्था में उत्तर प्रदेश का योगदान और स्थान किसी भी स्थिति में नकारा नहीं जा सकता। भाजपा के अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने के अभियान को कार्यकर्ता अपने संघर्ष और समर्पण से जीवंत बनाए हुए हैं। भाजपा की जीत के रूप में जो भी परिणाम सामने आ रहे हैं, वे कार्यकर्ता को मिले सूत्रों के प्रभावी क्रियान्वयन की देन हैं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने कहा कि भाजपा आज अपने कार्यकर्ताओं के बल पर दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनी है और देश का सबसे सशक्त नेतृत्व भी भाजपा के पास है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के खोए हुए गौरव को एक बार फिर विश्व पटल पर स्थापित करने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में शिक्षा मंत्री रहते हुए नई शिक्षा नीति–2020 को स्वरूप देना उनके लिए सौभाग्य की बात रही। हावर्ड, ऑक्सफोर्ड और कैम्ब्रिज जैसे शीर्ष विश्वविद्यालयों ने इस नीति की सराहना की है और दावा किया है कि भारत की यह नई शिक्षा नीति गेम चेंजर साबित होगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस नीति की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि देश के किसी भी राज्य में इसका मुखर विरोध नहीं हुआ है।

उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू होने पर उन्होंने कहा कि इसका सकारात्मक प्रभाव अब दिखाई दे रहा है। यह व्यवस्था पूरे देश में लागू होनी चाहिए, क्योंकि वर्तमान समय में यह देश की प्रमुख आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पहले देश में दो निशान, दो विधान और दो प्रधान की स्थिति थी, जिसके कारण कश्मीर लंबे समय तक रक्तरंजित रहा। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने धारा 370 समाप्त कर कश्मीर को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने का ऐतिहासिक कार्य किया। कांग्रेस, सपा और अन्य विरोधी दल उस समय दावा करते थे कि ऐसा करने से कश्मीर में खून की नदियाँ बहेंगी, लेकिन आज वही लोग कश्मीर में विकास और शांति की बहती गंगा देख रहे हैं।

कार्यक्रम में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. निशंक का सम्मान किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी, जिला महामंत्री रोहित वाल्मीकि, रोहताश पाल, विशाल गर्ग, अनुज गोयल, सभासद नवनीत गुप्ता, सभासद प्रशांत गौतम और बृजेश कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इसके पूर्व डॉ. निशंक, मंत्री कपिल देव अग्रवाल के साथ प्रमुख उद्योगपति भीम सैन कंसल के मीका विहार स्थित आवास पहुंचे। वहाँ उन्होंने कंसल परिवार द्वारा आयोजित श्रीराम कथा के लिए बधाई दी और कथावाचक संत विजय कौशल महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।

उत्तर प्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Uttar Pradesh News

Advertising