मुंबई: 36 साल पुराने लूटकांड का आरोपी गुजरात से गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच की बड़ी कामयाबी
मुंबई में 36 साल पहले हुई 20 लाख रुपए से ज्यादा की लूट के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है। मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट-2 ने इस 59 वर्षीय व्यक्ति को गुजरात के वडोदरा…
मुंबई में 36 साल पहले हुई 20 लाख रुपए से ज्यादा की लूट के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है। मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट-2 ने इस 59 वर्षीय व्यक्ति को गुजरात के वडोदरा से हिरासत में लिया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ अदालत ने स्थायी गैर-जमानती वारंट जारी किया हुआ था, क्योंकि वह सुनवाई के दौरान लगातार गैरहाजिर रह रहा था।
यह मामला तीन दशक से भी ज्यादा पुराना है, जब एक व्यक्ति अपनी दुकान के हीरे, सोने के गहने और नकदी लेकर जा रहा था। तभी मुंबई की पंचरत्न बिल्डिंग के मुख्य गेट के सामने चार अज्ञात लोगों ने उसे रिवॉल्वर दिखाकर धमकाया। हमलावरों ने उसे घायल कर दिया और उसके पास से कुल 20,48,964 रुपए कीमत का सामान लूट लिया था।
कानून से 36 साल का लुका-छिपी का खेल खत्म
इस सनसनीखेज वारदात के बाद शुरुआत में डॉ. डी.बी. मार्ग पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया था। बाद में मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच क्राइम ब्रांच, कक्ष-2 को सौंप दी गई और अदालत में चार्जशीट भी दाखिल की गई। हालांकि, सुनवाई के दौरान यह आरोपी बार-बार पेशी से बचता रहा, जिसके चलते कोर्ट ने उसके खिलाफ स्थायी गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया।
मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने इस वारंट पर कार्रवाई करते हुए आरोपी के बारे में खुफिया जानकारी जुटाई और तकनीकी विश्लेषण की मदद से उसका पता लगाया। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शुक्रवार को गुजरात के वडोदरा स्थित पोर गांव से उसे सफलतापूर्वक हिरासत में ले लिया। फिलहाल, पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही कर रही है।
इनपुट: IANS



