उत्तरकाशी: गंगोत्री-गौमुख ट्रेक पर खाई में गिरे महाराष्ट्र के पर्यटक की तलाश जारी, खराब मौसम बना बाधा
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में गंगोत्री-गौमुख ट्रेक पर महाराष्ट्र के एक 65 वर्षीय पर्यटक के गहरी खाई में गिरने के बाद से बचाव अभियान दूसरे दिन भी जारी है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, लगातार हो रही…
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में गंगोत्री-गौमुख ट्रेक पर महाराष्ट्र के एक 65 वर्षीय पर्यटक के गहरी खाई में गिरने के बाद से बचाव अभियान दूसरे दिन भी जारी है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम के कारण रेस्क्यू टीम को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, और पर्यटक का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
यह घटना 25 सितंबर की दोपहर करीब 2:30 बजे चीड़बासा से आगे कच्चीढांग नामक जगह पर हुई। महाराष्ट्र के राजगढ़ निवासी राम कुमार हनुमान गुप्ता (65) अपने चार अन्य साथियों के साथ गंगोत्री से गौमुख की ओर ट्रेकिंग कर रहे थे, जब उनका पैर फिसल गया और वह लगभग 130 मीटर गहरी खाई में जा गिरे।
बचाव अभियान और मौसम की चुनौती
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस और स्थानीय पोर्टरों की टीमों को मौके पर भेजा गया। बचाव कार्य के लिए कुल 18 सदस्यों की एक संयुक्त टीम बनाई गई है, जिसमें राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) के छह जवान, वन विभाग के चार कर्मी, दो पुलिसकर्मी और छह पोर्टर शामिल हैं। रेस्क्यू टीमों ने कच्चीढांग से लेकर देवगढ़ खाले और राम मंदिर के नीचे नदी किनारे तक व्यापक तलाशी ली, लेकिन प्रतिकूल मौसम के कारण अभियान प्रभावित हुआ। प्रशासन का कहना है कि मौसम साफ होते ही खोज अभियान में और तेजी लाई जाएगी।
प्रशासन ने यात्रा रोकी, अलर्ट जारी
इस बीच, मौसम विभाग द्वारा जारी रेड अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया है। जनपद के आपातकालीन परिचालन केंद्र को अलर्ट मोड पर रखा गया है और भूस्खलन की किसी भी स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को मशीनरी तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। लापता पर्यटक के साथी दीपक छोटेलाल, शिवसेवक मोतीलाल, विशाल राम कुमार और निखिल सुरेश गंगोत्री के एक होटल में ठहरे हुए हैं, जबकि उनके परिजन भी गंगोत्री पहुंच चुके हैं।
इनपुट: IANS



