बुधवार, 7 अक्टूबर 2026 · नई दिल्ली
राजनीति

पंजाब: CM के OSD पर CBI छापे के बाद AAP पर बरसे विपक्षी दल, लगाया 'महाभ्रष्टाचार' का आरोप

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के OSD के घर पर CBI की छापेमारी के बाद राज्य की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार विपक्ष के निशाने पर आ गई है। कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और JMM ने इसे राज्य के खजाने की 'लूट'…

पंजाब: CM के OSD पर CBI छापे के बाद AAP पर बरसे विपक्षी दल, लगाया 'महाभ्रष्टाचार' का आरोप
(फोटो: IANS)

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के OSD के घर पर CBI की छापेमारी के बाद राज्य की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार विपक्ष के निशाने पर आ गई है। कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और JMM ने इसे राज्य के खजाने की 'लूट' बताते हुए AAP सरकार और अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, विपक्षी नेताओं ने इस कार्रवाई को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है।

विज्ञापन

कांग्रेस ने AAP को बताया 'महाभ्रष्ट'

पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. राज कुमार वेरका ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश के बाद CBI ने छह लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। उन्होंने आरोप लगाया, "पंजाब में बड़े पैमाने पर राज्य के खजाने की लूट हुई है। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली से खाली बैठे लगभग 100 से 150 लोगों को लाकर पंजाब के अपने विभिन्न दफ्तरों में खजाने की लूट करने के लिए बैठाया है। इसकी शिकायतें भी लगातार आ रही हैं।" वेरका ने यह भी कहा कि पंजाब सरकार ने 'राजधर्म' की जगह 'राजनीतिक धर्म' का पालन किया, जिसे हाईकोर्ट ने भी गंभीरता से लिया है।

वहीं, कांग्रेस सांसद अमर सिंह ने कहा, "यह तो बहुत ही स्पष्ट है कि केजरीवाल और आम आदमी पार्टी की सरकार में बिल्कुल भ्रष्टाचार इतना ज्यादा है कि जब ईडी ने छापा मारा तो मोहाली के एक मल्टी-स्टोरी बिल्डिंग से 21 लाख रुपये कैश नीचे फेंका था।" उन्होंने मुख्यमंत्री मान पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब को दिल्ली से चलाया जा रहा है और भगवंत मान की कोई नहीं सुनता।

कांग्रेस नेता उदित राज ने अरविंद केजरीवाल को 'महाभ्रष्ट' बताते हुए कहा, "यह तो भ्रष्ट हैं ही... लुटेरे दिल्ली से पंजाब गए हैं।" हालांकि, उन्होंने केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा शासित राज्यों में इससे भी ज़्यादा लूट हो रही है, लेकिन ED और CBI वहां नहीं जातीं।

अन्य दलों की प्रतिक्रिया

शिरोमणि अकाली दल के मुख्य प्रवक्ता अर्शदीप सिंह कलेर ने कहा कि खुद को ईमानदार बताने वालों की 'बेईमानी' सामने आ गई है। उन्होंने हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए आरोप लगाया, "मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में उनके ओएसडी समेत कई लोगों ने आईएएस और पीसीएस के ट्रांसफर में करोड़ों रुपये की धांधली की। सस्ती जमीन बेचकर करोड़ों की धांधली की।"

दूसरी ओर, झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेता मनोज पांडेय ने इस कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा, "चुनाव नजदीक आते ही भाजपा सरकार की टूल किट एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। केंद्रीय एजेंसियों के पदाधिकारियों पर दबाव डालकर सरकार काम करवा रही है।"

इनपुट: IANS

N

News4Social राजनीति डेस्क

News4Social राजनीति डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से राजनीति और चुनाव से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →