बुधवार, 7 अक्टूबर 2026 · नई दिल्ली
दुनिया

काला सागर जहाज हमला: रोमानिया में 3 घायल भारतीयों से मिले दूतावास के अधिकारी, हालत स्थिर

काला सागर में एक मालवाहक जहाज पर हुए हमले में घायल हुए तीन भारतीय नागरिकों की हालत अब स्थिर है। रोमानिया स्थित भारतीय दूतावास के प्रतिनिधियों ने बुधवार को इन तीनों से मुलाकात की और उन्हें हर संभव मदद…

काला सागर जहाज हमला: रोमानिया में 3 घायल भारतीयों से मिले दूतावास के अधिकारी, हालत स्थिर
(फोटो: IANS)

काला सागर में एक मालवाहक जहाज पर हुए हमले में घायल हुए तीन भारतीय नागरिकों की हालत अब स्थिर है। रोमानिया स्थित भारतीय दूतावास के प्रतिनिधियों ने बुधवार को इन तीनों से मुलाकात की और उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, घायलों में से दो को होटल में ठहराया गया है, जबकि एक का इलाज कॉन्स्टैन्टा के काउंटी अस्पताल में जारी है।

विज्ञापन

दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर तस्वीरों के साथ यह जानकारी साझा की। बयान में कहा गया, "दूतावास के प्रतिनिधि ने आज (बुधवार) काला सागर में एमवी रोयाद मम्मादोव से बचाए गए तीन भारतीय नागरिकों से मुलाकात की... तीनों की हालत स्थिर है।"

दूतावास की ओर से व्यापक सहायता

घायल नागरिकों को जल्द और सुरक्षित भारत वापसी के लिए दूतावास ने पूरी मदद का भरोसा दिया है। शिपिंग कंपनी के स्थानीय एजेंट के माध्यम से उन्हें मोबाइल फोन जैसी जरूरी चीजें मुहैया कराई गईं, जबकि एक स्थानीय भारतीय रेस्टोरेंट के जरिए उनके लिए भारतीय भोजन की व्यवस्था की गई। दूतावास के प्रतिनिधि ने स्थानीय पुलिस अधिकारियों, शिपिंग कंपनी के एजेंट और इलाज कर रहे डॉक्टरों से भी मुलाकात की है। दूतावास संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है।

भारत ने की थी हमले की कड़ी निंदा

गौरतलब है कि भारत ने मंगलवार को एमवी रोयाद मम्मादोव नामक इस कमर्शियल जहाज पर हुए हमले की कड़े शब्दों में निंदा की थी। विदेश मंत्रालय (MEA) ने एक बयान में कहा था, "हम काला सागर में एमवी रोयाद मम्मादोव पर हुए हमले की निंदा करते हैं, जिसमें दो विदेशी नाविक मारे गए और तीन भारतीयों समेत चालक दल के कुछ सदस्य घायल हो गए।" मंत्रालय ने त्वरित कार्रवाई के लिए रोमानियाई अधिकारियों का आभार भी व्यक्त किया था।

यह हमला सोमवार को हुआ था, जब जहाज मक्का लेकर यूक्रेन के इजमेल बंदरगाह से इटली के रावेना जा रहा था। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने इस हमले के लिए रूस को जिम्मेदार ठहराया था।

इनपुट: IANS

N

News4Social इंटरनेशनल डेस्क

News4Social इंटरनेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →