पंजाब: शादी से लौट रही गाड़ी की पिकअप से टक्कर, 3 बच्चों समेत 5 लोगों की दर्दनाक मौत
पंजाब के फिरोजपुर-फाजिल्का हाईवे पर रविवार को एक शादी समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब बारात से लौट रही एक टवेरा गाड़ी की पिकअप से आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में…
पंजाब के फिरोजपुर-फाजिल्का हाईवे पर रविवार को एक शादी समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब बारात से लौट रही एक टवेरा गाड़ी की पिकअप से आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन बच्चों समेत पांच लोगों की जान चली गई, जबकि 11 अन्य घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, घायलों में से चार की हालत गंभीर बनी हुई है।
यह हादसा तब हुआ जब जलालाबाद विधानसभा क्षेत्र के टिवाना गांव से फाजिल्का के करनी खेड़ा गांव में आई एक बारात की गाड़ी शादी संपन्न होने के बाद वापस लौट रही थी। फिरोजपुर-फाजिल्का हाईवे पर सामने से आ रही एक पिकअप गाड़ी से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों में एक पुरुष, एक महिला और तीन बच्चे शामिल हैं, जिनमें सबसे छोटे बच्चे की उम्र महज 3 साल बताई जा रही है।
गंभीर रूप से घायल फरीदकोट रेफर
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचित किया, जिसके बाद सभी घायलों को फाजिल्का के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। फाजिल्का सरकारी अस्पताल के डॉक्टर अमित राज लांबा ने बताया कि अस्पताल लाए गए लोगों में से पांच मृत थे।
डॉक्टर लांबा के अनुसार, "काफी क्रिटिकल स्थिति में पीड़ित आए थे। एक हेड इंजरी वाला मृतक आया था। अन्य को इंजरी थी।" उन्होंने बताया कि 11 घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन चार की हालत बेहद नाजुक होने के कारण उन्हें फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। बाकी घायलों का इलाज फाजिल्का में ही चल रहा है।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हुई टवेरा और पिकअप, दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि हादसा तेज रफ्तार, गलत साइड पर ड्राइविंग या किसी अन्य लापरवाही के कारण हुआ।
इनपुट: IANS



