नीट विवाद: भाजपा ने विपक्ष को दी सदन में चर्चा की चुनौती, कहा- सरकार हर सवाल का जवाब देगी
नीट पेपर लीक विवाद को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच टकराव जारी है। इस बीच, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत पूरे विपक्ष को सदन में इस मुद्दे पर चर्चा के लिए खुली…
नीट पेपर लीक विवाद को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच टकराव जारी है। इस बीच, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत पूरे विपक्ष को सदन में इस मुद्दे पर चर्चा के लिए खुली चुनौती दी है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों से जुड़े हर विषय पर जवाब देने को तैयार है, लेकिन विपक्ष चर्चा से भाग रहा है।
मंगलवार को संसद के बाहर मीडिया से बातचीत में नितिन नवीन ने कहा, "हमारी सरकार छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़े हर मुद्दे पर हर स्तर पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन राहुल गांधी, कांग्रेस और पूरा विपक्ष चर्चा से भाग रहा है, क्योंकि उन्हें पता है कि जब वे सदन के पटल पर चर्चा के लिए आएंगे तो उनका दोहरा चरित्र जनता और युवाओं के सामने उजागर हो जाएगा।"
सदन में चर्चा की खुली चुनौती
नवीन ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का इतिहास युवाओं को गुमराह करने और उनके मुद्दों का राजनीतिक इस्तेमाल करने का रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि एनडीए सरकार ने युवाओं के भविष्य को सही दिशा दी है। उन्होंने जोर देकर कहा, "हम खुली चुनौती देते हैं कि आइए, संसद के पटल पर छात्रों और युवाओं से जुड़े हर विषय, नीट के मुद्दे और अन्य सभी मामलों पर चर्चा करें। भाजपा के सांसद हर विषय पर चर्चा के लिए तैयार हैं और एनडीए सरकार हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है।"
फास्ट-ट्रैक कोर्ट और सख्त कार्रवाई का भरोसा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेपर लीक मामलों के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने के ऐलान का जिक्र करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि सरकार दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, "फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाए जाएंगे ताकि जो लोग भी इन अपराधों में शामिल हैं और दोषी पाए जाते हैं, उनके खिलाफ जल्द कार्रवाई हो। हम सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी दोषी को बख्शा न जाए।" भाजपा के अन्य सांसदों ने भी इस कदम का स्वागत किया है। सांसद तरुण चुघ ने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा, जबकि मयंकभाई नायक के अनुसार, सजा ऐसी होगी कि भविष्य में कोई ऐसी हिम्मत न कर सके।
चर्चा के नियमों पर भाजपा का पक्ष
भाजपा सांसद दामोदर अग्रवाल ने चर्चा की प्रक्रिया को लेकर विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सदन नियमों से चलता है और चर्चा के लिए स्पीकर को लिखित नोटिस देना होता है, लेकिन विपक्ष सिर्फ हंगामा कर रहा है। उन्होंने बताया, "भाजपा सांसदों ने नियमों का पालन करते हुए स्पीकर को इस मुद्दे पर तुरंत चर्चा के लिए लिखित अनुरोध सौंपा है। कल हमारे संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी सदन में साफ कहा था कि सरकार नीट समेत हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है।"
इनपुट: IANS



