सोमवार, 31 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
अपराध

किश्तवाड़ मामला: राजौरी में छात्रा को न्याय दिलाने के लिए कैंडल मार्च, एक हफ्ते में कार्रवाई की मांग

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में एक नाबालिग आदिवासी छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म और उसकी मौत की घटना के विरोध में राजौरी में युवाओं ने कैंडल मार्च निकाला। रविवार को हुए इस प्रदर्शन में शामिल लोगों ने…

किश्तवाड़ मामला: राजौरी में छात्रा को न्याय दिलाने के लिए कैंडल मार्च, एक हफ्ते में कार्रवाई की मांग
(फोटो: IANS)

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में एक नाबालिग आदिवासी छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म और उसकी मौत की घटना के विरोध में राजौरी में युवाओं ने कैंडल मार्च निकाला। रविवार को हुए इस प्रदर्शन में शामिल लोगों ने मामले की पारदर्शी जांच और दोषियों के लिए सख्त कानूनी सजा की मांग उठाई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने इस घटना पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए जल्द से जल्द न्याय की अपील की।

विज्ञापन

यह पूरा मामला एक शिक्षक द्वारा अपनी ही छात्रा के साथ की गई दरिंदगी से जुड़ा है। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने इस बात पर निराशा जताई कि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी उन्हें न्याय के लिए सड़क पर उतरना पड़ रहा है।

“अगर इंसाफ हो जाता तो मार्च न निकालते”

मार्च में शामिल हुईं मेहर हसीन ने IANS से बातचीत में कहा, “पिछले दिनों किश्तवाड़ में दरिंदगी का मामला सामने आया है, जहां एक अध्यापक की ओर से छात्रा के साथ ऐसी गंदी हरकत की गई, जिसे हम बोल भी नहीं पाते। हमने आज इंसाफ के लिए मार्च निकाला है। यह मार्च नहीं निकाली जाती अगर उसी दिन इंसाफ कर दिया जाता और उस अध्यापक को सजा-ए-मौत सुनाई जाती।” उन्होंने समाज के सभी लोगों से अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की अपील करते हुए कहा कि जब तक लोग खुद अपनी इज्जत के लिए खड़े नहीं होंगे, ऐसी घटनाएं नहीं रुकेंगी।

जांच क्राइम ब्रांच को, निष्पक्षता की उम्मीद

प्रदर्शन में शामिल एक अन्य स्थानीय निवासी बिलाल रशीद ने कहा, “हमारी मांग है कि इस मामले में निष्पक्ष जांच की जाए। जांच के दौरान जितने भी लोग आरोपी पाए जाते हैं, उनको कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।” वहीं, एडवोकेट इबरार चौधरी ने घटना के आठ दिन बाद मार्च निकालने पर शर्मिंदगी जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि दोषी को अब तक मौत की सजा सुना दी गई होगी। उन्होंने बताया, “8 दिन बाद हमें पता चला है कि इस मामले की जांच क्राइम ब्रांच की ओर से की जाएगी। हमें उम्मीद है कि क्राइम ब्रांच इस मामले की निष्पक्ष जांच करेगी।”

मेहर हसीन ने भी उम्मीद जताई कि चूंकि मामला क्राइम ब्रांच तक पहुंच गया है, इसलिए इसे जल्द हल किया जाएगा। उन्होंने कहा, “हमारी यही मांग है कि एक हफ्ते में इंसाफ होना चाहिए। अगर इस मामले पर कार्रवाई की जाती है तो हमें गर्व महसूस होगा कि जम्मू-कश्मीर में आज भी इंसानियत बाकी है।”

इनपुट: IANS

N

News4Social क्राइम डेस्क

News4Social क्राइम डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से अपराध और कानून से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →