पंचकूला: पुलिस से मुठभेड़ में दो संदिग्ध घायल, बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का शक
हरियाणा के पंचकूला में सोमवार रात पुलिस और दो संदिग्ध युवकों के बीच हुई मुठभेड़ में दोनों आरोपी घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई, जो दोनों…
हरियाणा के पंचकूला में सोमवार रात पुलिस और दो संदिग्ध युवकों के बीच हुई मुठभेड़ में दोनों आरोपी घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई, जो दोनों युवकों के बाएं पैर में लगी। उन्हें इलाज के लिए सेक्टर-6 के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह घटना ताऊ देवी लाल स्टेडियम के पीछे उस समय हुई जब पुलिस एक गुप्त सूचना के आधार पर सेक्टर-3 के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और पुलिस को देखकर कथित तौर पर भागने की कोशिश करने लगे।
पुलिस पर फायरिंग और जवाबी कार्रवाई
पुलिस का आरोप है कि भागने के प्रयास में युवकों ने जान से मारने की नीयत से उन पर पांच गोलियां चलाईं। इनमें से एक गोली पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर और दूसरी पुलिस की सरकारी गाड़ी पर लगी। इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों संदिग्ध घायल हो गए।
घायलों की पहचान पंजाब के अमृतसर जिले के रहने वाले अर्शदीप सिंह और जुगराज सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मौके से दो पिस्टल भी बरामद की गई हैं और बरामद हथियारों की जांच की जा रही है।
आपराधिक साजिश का संदेह
पुलिस का दावा है कि इन दोनों युवकों का संबंध लॉरेंस बिश्नोई और आरजू बिश्नोई गैंग से है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वे ट्राइसिटी क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। हालांकि, उनकी पूरी योजना और संभावित निशाने का अभी खुलासा नहीं हुआ है। घटना के बाद फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर सबूत इकट्ठा किए हैं। सेक्टर-20 थाने में केस दर्ज कर पुलिस अब आरोपियों से उनके नेटवर्क और मकसद के बारे में पूछताछ कर रही है।
इनपुट: IANS



