राम मंदिर चढ़ावा चोरी: RSS के बयान पर कांग्रेस का तंज- 'संघ भेड़ की खाल ओढ़े हुए भेड़िया है'
अयोध्या में राम मंदिर के दानपात्र से चढ़ावे की चोरी के मामले पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। RSS के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले के बयान पर पलटवार करते हु
अयोध्या में राम मंदिर के दानपात्र से चढ़ावे की चोरी के मामले पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। RSS के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले के बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने संघ को 'भेड़ की खाल ओढ़े हुए भेड़िया' बताया है और कहा है कि उसका असली चेहरा 'मुंह में राम, बगल में छुरी' वाला है।
समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, पवन खेड़ा ने आरोप लगाया कि होसबाले का बयान करोड़ों के चढ़ावे की लूट का सच सामने लाने के लिए नहीं, बल्कि सच्चाई पर पर्दा डालकर संघ की छवि बचाने का एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस चोरी ने करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को गहरी चोट पहुंचाई है और संघ के दिखावे ने 'जले पर नमक छिड़कने' का काम किया है।
कांग्रेस का SIT पर सवाल
पवन खेड़ा ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (SIT) की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "इस वीडियो का वास्तविक मकसद उत्तर प्रदेश सरकार की उस एसआईटी को वैध ठहराने की कोशिश है, जिसका गठन एफआईआर दर्ज होने से पहले ही कर दिया गया था।" खेड़ा ने आशंका जताई कि जांच को इस तरह गोपनीय रखा गया है मानो बहुत कुछ छिपाया जा रहा हो और इसमें "बड़े मगरमच्छों को बचाकर कुछ छोटी मछलियों की बलि" दी जा सकती है।
RSS ने की थी दोषियों पर कार्रवाई की मांग
इससे पहले, RSS सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने अपने बयान में चढ़ावा चोरी की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा था कि इससे समाज और राम भक्तों की श्रद्धा को आघात पहुंचा है। उन्होंने कहा था कि यह मंदिर करोड़ों रामभक्तों के समर्पण, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा SIT गठन का जिक्र करते हुए मांग की, "जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे उन्हें कठोर दंड हो, यह सुनिश्चित करना आवश्यक है।" होसबाले ने समाज से धैर्य बनाए रखने और हिंदू विरोधी ताकतों के षड्यंत्रों को विफल करने का भी आह्वान किया था।
इनपुट: IANS



