मुंबई: एक बच्ची के शोषण की जाँच में 15 से ज़्यादा नाबालिगों के आपत्तिजनक वीडियो मिले, तीन गिरफ़्तार
मुंबई में एक 14 वर्षीय किशोरी के यौन शोषण मामले की जाँच एक बड़े रैकेट की ओर इशारा कर रही है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, जब पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के मोबाइल फोन खंगाले, तो उसमें 15 से…
मुंबई में एक 14 वर्षीय किशोरी के यौन शोषण मामले की जाँच एक बड़े रैकेट की ओर इशारा कर रही है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, जब पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के मोबाइल फोन खंगाले, तो उसमें 15 से अधिक अन्य नाबालिग लड़कियों के आपत्तिजनक वीडियो पाए गए, जिसके बाद जाँच का दायरा बढ़ा दिया गया है। इस सनसनीखेज मामले में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
यह मामला मुंबई के समता नगर पुलिस थाना क्षेत्र के हनुमान नगर इलाके का है। पुलिस को शिकायत मिली थी कि एक 14 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया और उसका अश्लील वीडियो बना लिया गया। आरोप है कि इसी वीडियो को सार्वजनिक करने की धमकी देकर आरोपी उस पर दबाव बनाते रहे और लगातार उसका यौन शोषण करते रहे।
जाँच में हुआ बड़ा खुलासा
इस मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू तब सामने आया, जब पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त किए। फोन की जाँच के दौरान उन्हें 15 से ज़्यादा नाबालिग लड़कियों से जुड़े आपत्तिजनक वीडियो मिले। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन वीडियो को किन हालात में बनाया गया और इसमें कुल कितने लोग शामिल हैं। इस बात की भी गहनता से जाँच की जा रही है कि क्या ये लड़कियां भी शोषण का शिकार हुई हैं।
पुलिस की कार्रवाई और आगे की जाँच
प्रारंभिक जाँच में इस पूरे मामले में कुल पांच लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन किए जाने के बाद समता नगर पुलिस ने कार्रवाई तेज़ की। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की तह तक जाने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है। टीम फरार आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और पूरे मामले का खुलासा करने के लिए काम कर रही है।
इनपुट: IANS



