अदाणी ग्रुप ने चिली की कंपनी कोडेल्को से मिलाया हाथ, तांबा भंडार की खोज के लिए बड़ी साझेदारी
भारत के अदाणी समूह ने तांबे जैसे महत्वपूर्ण खनिज की वैश्विक आपूर्ति सुरक्षित करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। समूह की कंपनी कच्छ कॉपर लिमिटेड (KCL) ने चिली की सरकारी कंपनी कोडेल्को के साथ मिलकर…
भारत के अदाणी समूह ने तांबे जैसे महत्वपूर्ण खनिज की वैश्विक आपूर्ति सुरक्षित करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। समूह की कंपनी कच्छ कॉपर लिमिटेड (KCL) ने चिली की सरकारी कंपनी कोडेल्को के साथ मिलकर वहां के प्रमुख तांबा क्षेत्र में खोज के लिए एक रणनीतिक साझेदारी की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह समझौता उत्तरी चिली के एंटोफगास्टा क्षेत्र में स्थित कबुरकाला परियोजना के लिए किया गया है।
इस साझेदारी का लक्ष्य विद्युतीकरण और ऊर्जा बदलाव के लिए बेहद ज़रूरी तांबे की लंबी अवधि की आपूर्ति सुनिश्चित करना है। अदाणी समूह के लिए यह एक रणनीतिक कदम है, जिसके तहत चिली में खोजे गए तांबे के खनिज संसाधनों को गुजरात के मुंद्रा में बन रहे उसके तांबा स्मेल्टर प्लांट से जोड़ा जाएगा। यह पहल ऐसे समय में हुई है जब भारत और चिली, दोनों के लिए अपने संसाधनों की सुरक्षा एक अहम प्राथमिकता बन गई है।
साझेदारी का महत्व और उद्देश्य
इस समझौते पर हाल ही में लंदन में 'एलएमई वीक 2026' के दौरान हस्ताक्षर किए गए। इस मौके पर KCL के निदेशक जीत अदाणी, अदाणी नेचुरल रिसोर्सेज के सीईओ डॉ. विनय प्रकाश और कोडेल्को के बोर्ड अध्यक्ष बर्नार्डो फॉन्टेन मौजूद थे। प्रस्तावित साझेदारी में अदाणी समूह पूंजी, तकनीक-आधारित खोज और बड़ी परियोजनाओं को लागू करने की अपनी क्षमता प्रदान करेगा, जबकि कोडेल्को अपने गहरे भूवैज्ञानिक ज्ञान और अंतरराष्ट्रीय अनुभव का योगदान देगा।
केसीएल के निदेशक जीत अदाणी ने कहा, "तांबे जैसे महत्वपूर्ण संसाधन हमारे भविष्य के बदलाव के केंद्र में हैं। हम इस रणनीतिक साझेदारी को सिर्फ खनन परिसंपत्ति के रूप में नहीं, बल्कि भारत के भविष्य में दीर्घकालिक निवेश के रूप में देखते हैं।" उन्होंने यह भी कहा कि यह साझेदारी भारत की संसाधन सुरक्षा बढ़ाने और उसे एक वैश्विक आर्थिक महाशक्ति बनाने की दिशा में समूह की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
दोनों कंपनियों के लिए फायदे
कोडेल्को के लिए यह पहल सार्वजनिक-निजी भागीदारी के ज़रिए अपने अन्वेषण पोर्टफोलियो से मूल्य हासिल करने की रणनीति का हिस्सा है। कोडेल्को के बोर्ड अध्यक्ष बर्नार्डो फॉन्टेन ने कहा, "यह समझौता पिछले एक साल में अदाणी समूह के साथ हमारे काम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह वैश्विक स्तर के साझेदारों को आकर्षित करने की कोडेल्को की क्षमता को दर्शाता है।"
आपको बता दें कि कच्छ कॉपर लिमिटेड, अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (AEL) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है। KCL गुजरात के मुंद्रा में दुनिया के सबसे बड़े एकल-स्थान वाले कस्टम तांबा स्मेल्टर परिसरों में से एक का निर्माण कर रही है। इसका उद्देश्य महत्वपूर्ण धातुओं के क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने में मदद करना है।
इनपुट: IANS



