दिल्ली: लाल किले के पास हुए विस्फोट की जांच में खुलासा, देश भर में आतंकी मॉड्यूल फैलाने की थी साज़िश
पिछले साल दिल्ली में लाल किले के पास हुए कार बम विस्फोट की जांच में एक बड़ी और खतरनाक साज़िश का पर्दाफ़ाश हुआ है। जांचकर्ताओं के अनुसार, यह हमला केवल एक अकेली घटना नहीं थी, बल्कि इसका मक़सद भारत में…
पिछले साल दिल्ली में लाल किले के पास हुए कार बम विस्फोट की जांच में एक बड़ी और खतरनाक साज़िश का पर्दाफ़ाश हुआ है। जांचकर्ताओं के अनुसार, यह हमला केवल एक अकेली घटना नहीं थी, बल्कि इसका मक़सद भारत में आतंकी मॉड्यूल का एक नेटवर्क फैलाना था। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के मुताबिक, इस साज़िश के पीछे 'फरीदाबाद मॉड्यूल' का हाथ था, जिसे 'डॉक्टर्स मॉड्यूल' के नाम से भी जाना जाता है।
यह मॉड्यूल न सिर्फ हज़ारों किलो अमोनियम नाइट्रेट जमा करने में कामयाब रहा, बल्कि सुरक्षा एजेंसियों की नज़रों से बचकर अपनी योजनाओं को अंजाम देने के करीब पहुँच गया था। हालांकि, लाल किले के पास समय से पहले हुए धमाके के कारण हमलावर अपने मंसूबों में पूरी तरह सफल नहीं हो सके।
सरकार को उखाड़ फेंकने का था इरादा
एक अधिकारी ने बताया कि इस मॉड्यूल का एजेंडा सिर्फ आतंकी हमले करने तक सीमित नहीं था। उनके अनुसार, "यह मॉड्यूल सिर्फ एक बड़ा हमला करके भारी तबाही मचाने की योजना नहीं बना रहा था। इनका एजेंडा कहीं ज्यादा बड़ा था कि नई दिल्ली में सरकार को उखाड़ फेंकना।" बरामद साहित्य और योजनाओं से पता चलता है कि मॉड्यूल का इरादा भारत में शरिया कानून लागू करना था और इसके लिए वे केंद्र सरकार को सत्ता से हटाने की तैयारी में थे। एक अन्य अधिकारी ने इस मॉड्यूल में शामिल डॉक्टरों की सोच को "बेहद खतरनाक" बताया।
देशभर में कई मॉड्यूल बनाने की योजना
अधिकारी ने चेतावनी दी, "इससे भी बड़ा खतरा यह है कि देश के भीतर कई और लोग भी ऐसा ही कुछ करने की कोशिश कर सकते हैं, या शायद वे पहले से ही ऐसा करने की प्रक्रिया में हों।" इस्लामिक स्टेट और अल-कायदा जैसे आतंकी संगठन ऐसे ही कट्टरपंथी मॉड्यूल को प्रेरित करते हैं ताकि एक 'चेन रिएक्शन' पैदा हो सके। उनकी योजना देश भर में ऐसे कई स्वतंत्र मॉड्यूल तैयार करने की है, जो भले ही आपस में न जुड़े हों, लेकिन उनके लक्ष्य एक जैसे होंगे।
'लोन एक्टर' की तरह काम करने का तरीका
इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के एक अधिकारी के मुताबिक, फरीदाबाद मॉड्यूल सिर्फ प्रचार के सहारे विद्रोह भड़काने की कोशिश नहीं कर रहा था। अधिकारी ने कहा, "यह समूह छिपकर काम करता था और इसने पूरे उत्तर भारत में कई घातक हमले करने की योजना बनाई थी। इनका मकसद ज्यादा से ज्यादा नुकसान पहुंचाना और फिर सरकार पर इस्तीफा देने का दबाव बनाना था।" ये मॉड्यूल 'लोन एक्टर' की तरह काम करते हैं — खुद ही विस्फोटक बनाना सीखते हैं, सामान जुटाते हैं और अपना खर्च भी खुद उठाते हैं। इस वजह से जांच एजेंसियों के लिए इनके बीच के संबंध या वित्तीय लेन-देन का पता लगाना बेहद मुश्किल हो जाता है।
इनपुट: IANS



