न्यायमूर्ति अल्पेश यशवंत कोगजे ने संभाली मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की कमान, राज्यपाल ने दिलाई शपथ
न्यायमूर्ति अल्पेश यशवंत कोगजे ने मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के 30वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ले ली है। भोपाल स्थित लोक भवन के सांदीपनि सभागार में आयोजित एक गरिमामय समारोह में राज्यपाल मंगुभाई…
न्यायमूर्ति अल्पेश यशवंत कोगजे ने मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के 30वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ले ली है। भोपाल स्थित लोक भवन के सांदीपनि सभागार में आयोजित एक गरिमामय समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, न्यायमूर्ति कोगजे जबलपुर स्थित मुख्य पीठ में अपना कार्यभार संभालेंगे।
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। समारोह के बाद, राज्यपाल पटेल और मुख्यमंत्री यादव ने नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत और अभिनंदन किया।
गुजरात से मध्य प्रदेश का सफर
मुख्य न्यायाधीश कोगजे इस नियुक्ति से पहले गुजरात उच्च न्यायालय में न्यायमूर्ति के पद पर कार्यरत थे। केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में देश के आठ उच्च न्यायालयों में की गई मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्तियों में उनका नाम भी शामिल था। शपथ ग्रहण से पहले, न्यायमूर्ति कोगजे ने अपनी पत्नी अर्चना अल्पेश कोगजे के साथ राज्यपाल मंगुभाई पटेल से लोक भवन में एक सौजन्य भेंट भी की थी।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने न्यायमूर्ति कोगजे को उनकी नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट के माध्यम से समारोह में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए मुख्य न्यायाधीश को हार्दिक बधाई दी।
इनपुट: IANS



