चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन: हिरासत में लिए जाने के बाद राहुल और प्रियंका गांधी रिहा
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को दिल्ली पुलिस ने रिहा कर दिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक…
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को दिल्ली पुलिस ने रिहा कर दिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, किंग्सवे कैंप स्थित न्यू पुलिस लाइन से रिहाई के बाद दोनों नेता वहां से रवाना हो गए। उन्हें इंडिया गठबंधन के अन्य नेताओं के साथ आकाशवाणी भवन के पास प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया गया था।
यह पूरा घटनाक्रम तब हुआ जब लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन के सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त से मिलने की कोशिश कर रहे थे। प्रदर्शनकारी सांसद आकाशवाणी भवन परिसर में भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के कार्यालय से कुछ ही मीटर की दूरी पर धरने पर बैठ गए थे। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, पवन खेड़ा और इमरान प्रतापगढ़ी भी राहुल और प्रियंका गांधी के साथ मौजूद थे।
क्यों हुआ विरोध प्रदर्शन?
इंडिया गठबंधन के सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध जता रहे थे। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने चुनाव आयोग मुख्यालय तक पहुंचने का प्रयास किया, जो वहां से लगभग 300 मीटर दूर था। सूत्रों के अनुसार, आकाशवाणी भवन से एक पीसीआर कॉल की गई जिसमें बताया गया कि राहुल गांधी जबरदस्ती परिसर में घुस आए हैं, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
राहुल गांधी ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
हिरासत में लिए जाने से पहले मीडिया से बातचीत में राहुल गांधी ने कहा, "300 सांसदों को यहां रोका गया... चुनाव आयोग यहां से 50 गज की दूरी पर है। वे हमें वहां जाने नहीं दे रहे हैं।" उन्होंने सवाल उठाया कि अगर जनप्रतिनिधि चुनाव आयुक्त से मिल नहीं सकते तो लोकतंत्र का क्या मतलब है।
राहुल गांधी ने आगे कहा, "हमारे देश के साथ जो किया गया है उसे देशद्रोह कहा जाता है और कोई भी बचने वाला नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, मोहन भागवत और ज्ञानेश कुमार ने देश से लोकतंत्र खत्म कर दिया है। 'वोट चोरी' कर देश को हाईजैक कर लिया गया है।" उन्होंने कहा कि इस मामले में सब पर कार्रवाई होगी।
इनपुट: IANS



