गाजियाबाद: घरेलू कलह का खौफनाक अंत, पति और सास-ससुर ने रॉड से पीटकर बहू को मार डाला
गाजियाबाद के सदरपुर गांव में घरेलू विवाद ने एक भयावह रूप ले लिया, जहां एक महिला की उसके ही पति, सास और ससुर ने कथित तौर पर लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पुलिस ने…
गाजियाबाद के सदरपुर गांव में घरेलू विवाद ने एक भयावह रूप ले लिया, जहां एक महिला की उसके ही पति, सास और ससुर ने कथित तौर पर लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र की है। पुलिस को दी गई शिकायत में मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि छोटी-छोटी बातों और खाना बनाने जैसे मुद्दों को लेकर घर में अक्सर झगड़े होते थे। इन्हीं विवादों से तंग आकर तीनों ने मिलकर यह कदम उठाया।
पुलिस ने कैसे की कार्रवाई?
मृतका रेनू के भाई राहुल राठी ने मधुबन बापूधाम थाने में लिखित तहरीर देकर अपने जीजा अरुण कुमार (38), ससुर विनोद कुमार (58) और सास रोहताशी (55) पर हत्या का आरोप लगाया। राहुल अलीगढ़ जिले के जलालपुर गांव के रहने वाले हैं। उनकी तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया।
टीम ने बुनकर मार्ट पुलिस चौकी के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उन्होंने बताया कि वे रेनू के साथ होने वाले रोज के झगड़ों से परेशान हो चुके थे, जिसके चलते उन्होंने मिलकर उसके सिर पर रॉड से वार कर उसकी हत्या कर दी।
सबूत और आगे की जांच
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है। शिकायत के आधार पर मुकदमा संख्या 312/26, धारा 85/103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट अब तीनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
इनपुट: IANS



