सागर शराब कांड: 15 मौतों के बाद एक्शन में सरकार, CM मोहन यादव ने दिए सख़्त कार्रवाई के निर्देश
मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब से हुई 15 लोगों की मौत के बाद राज्य सरकार ने नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में नशाखोरी के…
मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब से हुई 15 लोगों की मौत के बाद राज्य सरकार ने नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में नशाखोरी के विरुद्ध एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है और इस अवैध व्यापार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त न करने के निर्देश दिए हैं।
सागर के बंडा क्षेत्र में हुई इस दुखद घटना के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने खुद मौके पर पहुंचकर पीड़ितों के परिवारों से मुलाकात की थी और अस्पताल में भर्ती घायलों का हाल जाना था। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्रशासनिक स्तर पर बड़ी कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने कई कड़े कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं को बताया, "सागर की घटना और कानून-व्यवस्था को लेकर हमने प्रशासन को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने गुरुवार को घटना से जुड़े लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करते हुए कई कदम उठाए हैं।" उन्होंने यह भी जानकारी दी कि शराब कांड के मुख्य आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर किया गया है।
इस मामले में प्रशासनिक स्तर पर भी जवाबदेही तय की गई है। आबकारी विभाग से जुड़े कई अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है और कुछ प्रशासनिक अधिकारियों का तबादला भी किया गया है। इसके अलावा, इस कांड से जुड़े आरोपियों की गिरफ्तारियों का दौर जारी है और उनके अवैध निर्माणों पर बुलडोजर भी चलाया गया है। मुख्यमंत्री ने पूरी घटना की न्यायिक जांच के भी आदेश दिए हैं।
इनपुट: IANS



