मध्य प्रदेश: इंटर्न डॉक्टरों का आंदोलन खत्म, स्टाइपेंड बढ़ाने पर सरकार से बनी सहमति
मध्य प्रदेश में पिछले तीन दिनों से स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे इंटर्न डॉक्टरों और सरकार के बीच गतिरोध समाप्त हो गया है। बुधवार को उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के साथ हुई बैठक में…
मध्य प्रदेश में पिछले तीन दिनों से स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे इंटर्न डॉक्टरों और सरकार के बीच गतिरोध समाप्त हो गया है। बुधवार को उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के साथ हुई बैठक में मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव पर सहमति बन गई, जिसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने संतोष व्यक्त किया।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह सहमति तब बनी जब बुधवार को इंटर्न्स, जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (जूडा) और एमटीए के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंत्रालय में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल से मुलाकात की। इस बैठक में इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड में वृद्धि समेत कई अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई।
पुलिस लाठीचार्ज पर भी हुई कार्रवाई
आंदोलन के दौरान छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का मामला भी बैठक में उठा। उपमुख्यमंत्री कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, इस मामले में शुरुआती तौर पर जिम्मेदार पाए गए दो पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया गया है। पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच के लिए एक टीम का गठन किया गया है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने घायल छात्रों के उचित इलाज का भी आश्वासन दिया है।
तीन दिन से चल रहा था प्रदर्शन
उल्लेखनीय है कि भोपाल में इंटर्न डॉक्टर अपनी मांगों को लेकर तीन दिनों से प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा बल प्रयोग किए जाने के बाद यह आंदोलन और तेज हो गया था। बुधवार को डॉक्टरों ने ओपीडी सेवाएं भी बंद कर दी थीं, जिससे अस्पतालों में इलाज के लिए आए मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
इनपुट: IANS



