मंगलवार, 8 सितम्बर 2026 · नई दिल्ली
मध्यप्रदेश

सागर शराब कांड: कांग्रेस ने उठाई न्यायिक जांच की मांग, जीतू पटवारी ने CM मोहन यादव को लिखा पत्र

मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब पीने से 13 लोगों की मौत के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव को एक पत्र लिखा…

सागर शराब कांड: कांग्रेस ने उठाई न्यायिक जांच की मांग, जीतू पटवारी ने CM मोहन यादव को लिखा पत्र
(फोटो: IANS)

मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब पीने से 13 लोगों की मौत के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव को एक पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने पूरे प्रकरण की स्वतंत्र न्यायिक जांच कराने की मांग की है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस पत्र में पटवारी ने प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

विज्ञापन

पटवारी ने अपने पत्र में कहा है कि बंडा क्षेत्र में हुई इन मौतों ने पूरे मध्य प्रदेश को झकझोर दिया है और जिन घरों में कल तक जीवन था, आज वहां मातम पसरा है। उन्होंने सवाल किया कि जब अवैध शराब के कारोबार को लेकर पहले से शिकायतें थीं, तो प्रशासन ने समय पर कार्रवाई क्यों नहीं की। उन्होंने कहा, "मौतों के बाद कार्रवाई करने वाला तंत्र मौतों से पहले कहां था।"

प्रशासनिक लापरवाही और अधिकारियों की जवाबदेही

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने इस मामले में वरिष्ठ अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि प्रमुख सचिव (वाणिज्यिक कर) अमित राठौर और आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना की जवाबदेही तय की जानी चाहिए। पटवारी ने कहा, "एसी केबिनों में बैठकर कागजी नीतियां बनाने से जिम्मेदारी पूरी नहीं होती। जमीन पर मॉनिटरिंग और प्रभावी सुपरविजन किसकी जिम्मेदारी थी? सरकार को इसका स्पष्ट जवाब देना होगा।"

अंतरराज्यीय कनेक्शन और राजनीतिक संरक्षण के आरोप

जीतू पटवारी ने इस अवैध शराब के तार उत्तर प्रदेश के ललितपुर से जुड़े होने की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि इसकी तह तक जाना जरूरी है कि यह नेटवर्क सिर्फ स्थानीय है या इसके तार अंतरराज्यीय कारोबार से जुड़े हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस कांड में स्थानीय भाजपा नेताओं की कथित भूमिका और शराब कारोबार से उनके संबंधों को लेकर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

कांग्रेस ने अपनी मांगों में स्पष्ट किया है कि जिम्मेदार अधिकारियों पर सिर्फ निलंबन या तबादले की कार्रवाई न हो, बल्कि उनके खिलाफ आपराधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए। इसके साथ ही मृतकों की प्रमाणित सूची सार्वजनिक करने और सभी पीड़ितों को बेहतर इलाज व उचित आर्थिक सहायता देने की भी मांग की गई है।

इनपुट: IANS

N

News4Social मध्य प्रदेश डेस्क

News4Social मध्य प्रदेश डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से मध्य प्रदेश से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →