खड़गे के ‘शुद्धिकरण’ पर प्रकाश आंबेडकर का राहुल गांधी से सवाल- 'प्रेजेंटेशन' से आगे 'एक्शन' कब?
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ उत्तराखंड के हल्द्वानी में हुए 'शुद्धिकरण' विवाद पर बाबासाहेब आंबेडकर के पोते प्रकाश आंबेडकर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने…
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ उत्तराखंड के हल्द्वानी में हुए 'शुद्धिकरण' विवाद पर बाबासाहेब आंबेडकर के पोते प्रकाश आंबेडकर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस को केवल 'प्रेजेंटेशन' बताते हुए सवाल किया है कि इस मामले में ठोस कार्रवाई कब होगी। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, प्रकाश आंबेडकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट के जरिए अपनी बात रखी।
प्रकाश आंबेडकर ने राहुल गांधी को संबोधित करते हुए कहा कि केवल तस्वीरें दिखाने से कुछ नहीं होगा, क्योंकि यह सबको पता है कि खड़गे के खिलाफ यह जातिवादी कृत्य भाजपा ने किया है। उन्होंने पूछा, "आप बोल रहे हैं कि खड़गे को न्याय मिलेगा, पर कैसे? आप क्या कर रहे हैं? आप विपक्ष के नेता हैं, आपने एफआईआर करवाई क्या?"
राहुल गांधी पर सवाल और सलाह
आंबेडकर ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को सुझाव दिया कि हल्द्वानी में हुआ 'शुद्धिकरण' मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ "जातिवाद और छुआछूत का एक घिनौना और निंदनीय कृत्य था" जिसने "भाजपा की मनुवादी सोच को एक बार फिर बेनकाब किया।"
उन्होंने इस बात पर भी निराशा जताई कि खड़गे को अपनी ही पार्टी के सदस्यों द्वारा इस घटना की स्पष्ट निंदा न किए जाने पर दुख व्यक्त करना पड़ा। आंबेडकर ने कहा, "जो पार्टी के बड़े लोग अपने ही पार्टी अध्यक्ष पर हुए जातिवाद पर चुप्पी साधे रहते हैं, वे भाजपा मनुवादियों से कैसे बेहतर हैं?" उन्होंने अंग्रेजी की कहावत 'वॉक द टॉक' का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल गांधी को अपने शब्दों को एक्शन से साबित करना चाहिए।
भाजपा का पलटवार
इस पूरे विवाद पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी कांग्रेस और राहुल गांधी पर पलटवार किया है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान और राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि राहुल गांधी दलित समाज के मुद्दों का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए कर रहे हैं और समाज में विभाजन पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। गुरु प्रकाश पासवान ने दावा किया कि जिस मुद्दे को राहुल गांधी ने जाति से जोड़ा, उसका जाति से कोई संबंध नहीं था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस दलित समाज को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करती है।
इनपुट: IANS



