क्‍या कांग्रेस अध्‍यक्ष पद गांधी परिवार के लिए ही रिजर्व है?

462

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी बेहद नाजुक समय में एक साथ दो विवादों से दो-चार हो रहे हैं। गुजरात चुनाव के लिए प्रचार अभियान चरम पर है। बुधवार को राहुल गांधी द्वारा सोमनाथ मंदिर में दर्शन से पहले कथित तौर पर गैर हिन्दू रजिस्टर में नाम दर्ज करने का विवाद अभी थमा नहीं है कि वह एक दूसरे विवाद में घिर गये हैं। ये विवाद कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव से जुड़ा है। ऐसे वक्त में जब राहुल गांधी का कांग्रेस अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है, उनकी ही पार्टी के एक युवा नेता ने ये कहकर सनसनी मचा दी है कि राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने के लिए हो रहे चुनाव में धांधली की जा रही है। इस आरोप को लगाने वाले शख्स का नाम है शहजाद पूनावाला। पूनावाला टीवी स्टूडियो में कांग्रेस का युवा चेहरा माने जाते हैं। वह अक्सर प्राइम टाइम डिबेट में पार्टी का पक्ष रखते हैं और कांग्रेस की नीतियों को डिफेंड करते हैं। लेकिन गुजरात चुनाव से ऐन पहले राहुल गांधी की ताजपोशी पर सवाल खड़े कर शहजाद पूनावाला ने 10 जनपथ से लेकर 12 तुगलक लेन तक तहलका मचा दिया है।

महाराष्ट्र कांग्रेस के सचिव शहजाद पूनावाला ने कहा कि अध्यक्ष पद के चुनाव में राहुल गांधी को फायदा पहुंचाने के लिए हेराफेरी की जा रही है। पूनावाला ने कहा कि अध्यक्ष पद के चुनाव में जो सदस्य वोट डालेंगे उनके नाम फिक्स हैं, इसमें धांधली की गई है। शहजाद पूनावाला के मुताबिक, ‘ अध्यक्ष पद के लिए वोट करने वालों की नियुक्ति सिर्फ उनकी राजभक्ति की वजह से हुई है।’ शहजाद पूनावाला ने इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में कहा कि वह कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ना चाहते हैं, लेकिन वह ऐसा नहीं कर सकते हैं, क्योंकि अध्यक्ष पद के लिए वोट करने वाले प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि, राज्यों के कांग्रेस अध्यक्षों द्वारा नियुक्ति किये जाते हैं। पूनावाला ने बताया कि इन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति राहुल गांधी की मां सोनिया गांधी करती हैं। शहजाद पूनावाला ने राहुल गांधी को चुनौती दी है और कहा है कि उन्हें पहले कांग्रेस उपाध्यक्ष के पद से इस्तीफा देना चाहिए इसके बाद अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ना चाहिए।

शहजाद पूनावाला ने राहुल गांधी को एक पत्र लिखकर पूछा है कि, ‘क्या कांग्रेस में अध्यक्ष पद प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से सिर्फ ‘गांधी’ नाम वालों के लिए ही रिजर्व है?’ इसके लिए पूनावाला ने कांग्रेस के एक प्रवक्ता के उस बयान का हवाला दिया जिसमें उन्होंने कहा था कि अगले 50 साल तक ‘गांधी’ ही कांग्रेस के अध्यक्ष रहेंगे। शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव को पूरी तरह से मजाक बताया। राहुल पर बरसते हुए उन्होंने कहा, ‘मेरे जैसा एक कार्यकर्ता राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ने की सोच भी सकता था यदि उन्होंने उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया हुआ होता और एक सामान्य कांग्रेस कार्यकर्ता की तरह पार्टी अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ते।’ उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, ‘हां सच बोलने के लिए हिम्मत चाहिए, मेरे खिलाफ कई हमले होंगे, लेकिन मेरे पास सबूत हैं।’ बता दें कि कांग्रेस के इस घटनाक्रम से कई राजनीतिक पंडित आश्चर्यचकित हैं। शहजाद पूनावाला का राहुल गांधी से पारिवारिक रिश्ता भी रहा है। शहजाद के भाई तहसीन पूनावाला की शादी रॉबर्ट वाड्रा की बहन मोनिका से हुई है। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए अधिसूचना 1 दिसंबर को जारी हो रही है।