इंदौर ड्रग्स केस: मुंबई के नाला सोपारा से दो और विदेशी नागरिक गिरफ्तार
इंदौर में ड्रग्स तस्करी के एक मामले की जांच करते हुए पुलिस मुंबई तक पहुंच गई है, जहां से दो और विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह कार्रवाई अगस्त के…
इंदौर में ड्रग्स तस्करी के एक मामले की जांच करते हुए पुलिस मुंबई तक पहुंच गई है, जहां से दो और विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह कार्रवाई अगस्त के अंत में इंदौर में एक नाइजीरियाई महिला की गिरफ्तारी के बाद हुई पूछताछ के आधार पर की गई। ये विदेशी नागरिक बिजनेस और ट्रैवलिंग वीजा पर भारत आए थे।
इंदौर डीसीपी नरेंद्र रावत ने बताया कि 30 अगस्त को चंदन नगर पुलिस ने नाइजीरिया की इम्यूनल जॉय नामक महिला को 58 ग्राम मादक पदार्थ के साथ पकड़ा था। इम्यूनल से पूछताछ और उसके मोबाइल फोन की जांच से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस टीम ने मुंबई के नाला सोपारा इलाके में दबिश दी।
पूछताछ के बाद मुंबई में कार्रवाई
नाला सोपारा से पुलिस ने दो और लोगों को गिरफ्तार किया है जो इम्यूनल जॉय को तस्करी में मदद कर रहे थे। इनमें युगांडा की एक महिला नाकिजवे कावुमा और नाइजीरिया का एक पुरुष नाकायजावे कावूमा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, ये विदेशी भारत में वीजा लेकर आते हैं और फिर संगठित गिरोह बनाकर मादक पदार्थों की तस्करी जैसी वारदातों को अंजाम देते हैं।
पहले भी हो चुकी है गिरफ्तारी
यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी इम्यूनल जॉय जमानत पर बाहर थी। वह 7 महीने के वीजा पर बेंगलुरु आई थी और वहीं एक व्यक्ति के संपर्क में आकर ड्रग्स तस्करी के गिरोह से जुड़ गई। इसी साल उसे बेंगलुरु में 121 ग्राम ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया गया था और वह जुलाई में ही जमानत पर छूटी थी। अदालत ने उसे देश न छोड़ने का आदेश दिया था, लेकिन उसने फिर से तस्करी शुरू कर दी।
गौरतलब है कि मुंबई का नाला सोपारा इलाका कई अफ्रीकी देशों के नागरिकों का गढ़ माना जाता है, जहाँ 5,000 से ज्यादा लोग एक कम्युनिटी के रूप में रहते हैं। पहले भी नारकोटिक्स और आबकारी विभाग यहाँ तस्करी के मामलों में कार्रवाई कर चुका है।
इनपुट: IANS



