कसारा घाट हादसा: 24 घंटे बाद पलटे हुए कंटेनर के नीचे मिले पति-पत्नी के शव
महाराष्ट्र के नासिक-मुंबई हाईवे पर हुए एक हादसे की दर्दनाक सच्चाई करीब 24 घंटे बाद सामने आई। नए कसारा घाट में शुक्रवार को पलटे एक कंटेनर को जब शनिवार को हटाया जा रहा था, तो उसके नीचे एक मोटरसाइकिल…
महाराष्ट्र के नासिक-मुंबई हाईवे पर हुए एक हादसे की दर्दनाक सच्चाई करीब 24 घंटे बाद सामने आई। नए कसारा घाट में शुक्रवार को पलटे एक कंटेनर को जब शनिवार को हटाया जा रहा था, तो उसके नीचे एक मोटरसाइकिल समेत पति-पत्नी के शव बुरी तरह कुचले हुए मिले। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, मृतकों की पहचान घोटी निवासी जालिंदर भगत और अनुसया भगत के रूप में हुई है।
यह दंपति शुक्रवार को एक वर्षश्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घोटी से कसारा की ओर जा रहा था। इसी दौरान यह भयावह हादसा हो गया। प्रशासन जब शनिवार को क्रेन की मदद से कंटेनर को हटाने की प्रक्रिया में जुटा था, तब मौके से तेज दुर्गंध आने पर आपदा प्रबंधन टीम को कुछ अनहोनी का शक हुआ।
ऐसे हुआ था हादसा
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह लगभग 11 बजे नए कसारा घाट के एक तीखे मोड़ पर कंटेनर के चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद भारी-भरकम कंटेनर सड़क पर ही पलट गया। उस समय किसी को भी इस बात का अंदेशा नहीं हुआ कि कंटेनर के नीचे एक मोटरसाइकिल और उस पर सवार दो लोग भी दबे हो सकते हैं।
प्रशासनिक कार्रवाई और जांच
शवों के मिलने की सूचना पर आपदा प्रबंधन दल, हाईवे पुलिस और कसारा पुलिस फौरन मौके पर पहुंची। बचाव कार्य शुरू कर दोनों शवों को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए कसारा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर घाट सेक्शन में भारी वाहनों से जुड़े सड़क सुरक्षा के नियमों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इनपुट: IANS



