बिहार: ढाई लाख में नवजात को बेचने की कोशिश, SSB ने महिला को गिरफ्तार कर बच्चे को बचाया
बिहार के किशनगंज जिले में सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने एक महिला को दो महीने के बच्चे को बेचने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार किया है। महिला का दावा है कि वह बच्चे की माँ है और पैसों की तंगी के कारण उसे बेचने…
बिहार के किशनगंज जिले में सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने एक महिला को दो महीने के बच्चे को बेचने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार किया है। महिला का दावा है कि वह बच्चे की माँ है और पैसों की तंगी के कारण उसे बेचने जा रही थी। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, यह कार्रवाई बिहार-नेपाल सीमा के पास स्थित गलगलिया बस स्टैंड पर की गई।
SSB की 41वीं बटालियन को शिशु को बेचने की कोशिश की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद A और G कंपनी की एक संयुक्त टीम ने बस स्टैंड पर अभियान चलाया। इस ऑपरेशन में SSB रानीडांगा की एंटी-ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTयू) और किशनगंज की गैर-सरकारी संस्था 'राहत ऑर्गनाइजेशन' ने भी सहयोग किया।
पूछताछ में हुआ खुलासा
प्रारंभिक पूछताछ में 37 वर्षीय महिला ने स्वीकार किया कि वह बच्चे को 2.5 लाख रुपए में बेचने वाली थी। गिरफ्तार महिला की पहचान पश्चिम बंगाल के बागडोगरा निवासी रिंकू यादव (पति का नाम अर्जुन यादव) के रूप में हुई है। उसने बताया कि उसे पैसों की सख्त जरूरत थी, इसलिए उसने यह योजना बनाई। उसे बच्चे को राजस्थान के एक अज्ञात व्यक्ति को सौंपना था।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
SSB ने महिला और बचाए गए शिशु को आगे की कार्रवाई के लिए गलगलिया पुलिस थाने को सौंप दिया है। बच्चा 19 जून 2026 को जन्मा बताया गया है। पुलिस अब इस मामले की पूरी सच्चाई का पता लगाने में जुटी है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, “महिला लगातार दावा कर रही है कि बच्चा उसका है। इसकी पुष्टि की जाएगी। हमने बागडोगरा के अधिकारियों से संपर्क किया है। जरूरत पड़ने पर डीएनए जांच भी कराई जा सकती है।”
अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि अगर यह साबित हो भी जाता है कि बच्चा उसी का है, तो भी यह तय करना होगा कि उसे महिला को वापस सौंपा जाए या नहीं, क्योंकि भविष्य में उसे फिर से बेचने की आशंका बनी रहेगी।
इनपुट: IANS



