कोलकाता बिलबोर्ड विवाद: अभिषेक बनर्जी के बाद अब डेरेक ओ'ब्रायन को भी पुलिस ने भेजा समन
कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के दफ्तर से अवैध बिलबोर्ड हटाने को लेकर हुआ विवाद गहराता जा रहा है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस मामले में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के बाद अब…
कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के दफ्तर से अवैध बिलबोर्ड हटाने को लेकर हुआ विवाद गहराता जा रहा है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस मामले में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के बाद अब राज्यसभा सांसद डेरेक ओ'ब्रायन को भी कोलकाता पुलिस ने पूछताछ के लिए समन जारी किया है।
यह नोटिस रविवार को डेरेक ओ'ब्रायन के दक्षिण कोलकाता स्थित आवास पर दिया गया। उन्हें 31 अगस्त को दोपहर तक शेक्सपियर सरानी पुलिस स्टेशन में हाजिर होने के लिए कहा गया है। इससे ठीक एक दिन पहले, शनिवार रात को पुलिस ने अभिषेक बनर्जी को भी समन जारी कर 1 सितंबर को इसी थाने में उपस्थित होने का निर्देश दिया था। हालांकि, दोनों नेताओं ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि वे पूछताछ के लिए पेश होंगे या नहीं।
क्या है पूरा मामला?
विवाद की शुरुआत गुरुवार को मध्य कोलकाता के कैमक स्ट्रीट से हुई, जब कोलकाता नगर निगम (KMC) के कर्मचारी पुलिस के साथ अभिषेक बनर्जी के पार्टी कार्यालय की छत पर लगा एक अवैध बिलबोर्ड हटाने पहुंचे थे। वहां अभिषेक बनर्जी, डेरेक ओ'ब्रायन और अन्य तृणमूल नेताओं के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने इसका कड़ा विरोध किया, जिसके चलते पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई।
पुलिस ने दर्ज की हैं तीन FIR
इस घटना के संबंध में शेक्सपियर सरानी पुलिस स्टेशन में तीन FIR दर्ज की गई हैं। पुलिस ने अपनी शिकायत में तृणमूल कार्यकर्ताओं पर सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों पर हमला करने और एक महिला पुलिस अधिकारी की गरिमा को ठेस पहुंचाने का प्रयास करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
इनमें से दो FIR में अभिषेक बनर्जी और डेरेक ओ'ब्रायन के अलावा TMC नेता हुमायूं कबीर और बैश्वनार चटर्जी को भी नामजद किया गया है। पुलिस इस मामले में अब तक कुल 14 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
इनपुट: IANS



