बेंगलुरु: क्रिकेट खेलने गए लड़कों को मैदान में मिला कटा हुआ सिर, पुलिस ने शुरू की जांच
बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के एक क्रिकेट मैदान में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब वहां एक कटा हुआ इंसानी सिर मिला। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह वीभत्स घटना शहर के वर्थुर थाना…
बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के एक क्रिकेट मैदान में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब वहां एक कटा हुआ इंसानी सिर मिला। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह वीभत्स घटना शहर के वर्थुर थाना क्षेत्र के कोडाथी इलाके की है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और मृतक की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
यह घटना तब सामने आई जब कुछ लड़के सुबह क्रिकेट खेलने के लिए मैदान में पहुंचे। खेल शुरू करने से पहले ही उनकी नजर मैदान में पड़े कटे हुए सिर पर पड़ी, जिसे देखकर वे बुरी तरह घबरा गए और फौरन वर्थुर पुलिस को इसकी सूचना दी।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस को मौके से मृतक का सिर्फ सिर ही मिला है, शरीर के बाकी हिस्सों का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस की टीमें आसपास के इलाकों में लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं।
शुरुआती जांच में पुलिस को घटनास्थल के पास एक दोपहिया वाहन के टायरों के निशान मिले हैं। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि कोई व्यक्ति मोटरसाइकिल से यहां सिर लाकर फेंक गया है। इस सुराग के आधार पर पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके। फिलहाल, पुलिस स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है, लेकिन मृतक की पहचान या हत्या के मकसद के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
यह पहली बार नहीं है जब कर्नाटक में इस तरह की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। इससे पहले 10 अगस्त 2025 को तुमकुरु जिले के कोरतगेरे में एक महिला का कटा हुआ सिर और शरीर के टुकड़े कई प्लास्टिक बैगों में सड़क किनारे मिले थे। जांच के बाद महिला की पहचान 42 वर्षीय लक्ष्मीदेवम्मा के रूप में हुई थी। इस मामले में पुलिस ने पारिवारिक विवाद के चलते हत्या करने और सबूत मिटाने के आरोप में महिला के दामाद, जो एक दंत चिकित्सक था, और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया था।
इनपुट: IANS



