गुजरात: भावनगर-सोमनाथ हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, सात मजदूरों की दर्दनाक मौत
गुजरात के भावनगर जिले में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में सात लोगों की जान चली गई। हादसा उस वक्त हुआ जब अलंग शिपब्रेकिंग यार्ड जा रही एक एसयूवी गाड़ी भावनगर-सोमनाथ नेशनल हाईवे के किनारे खड़ी…
गुजरात के भावनगर जिले में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में सात लोगों की जान चली गई। हादसा उस वक्त हुआ जब अलंग शिपब्रेकिंग यार्ड जा रही एक एसयूवी गाड़ी भावनगर-सोमनाथ नेशनल हाईवे के किनारे खड़ी एक ट्रेलर से जा टकराई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस टक्कर में छह लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि सातवें व्यक्ति की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
यह घटना सुबह करीब 10 बजे तलाजा तालुका के त्रापाज गांव के पास घटी। पीड़ित बोलेरो एसयूवी में सवार होकर भावनगर से अलंग अपने काम पर जा रहे थे। गाड़ी हाईवे से सटे सर्विस रोड पर चल रही थी, जहां वह सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी।
टक्कर इतनी भीषण कि पिचक गई गाड़ी
टक्कर की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बोलेरो गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। भावनगर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) नितेश पांडे ने IANS को बताया, "ट्रेलर हाईवे की सर्विस रोड पर त्रापाज गांव के पास खड़ा था, तभी उसके पीछे आ रही बोलेरो उससे टकरा गई।" उन्होंने पुष्टि की कि छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी और एक अन्य ने बाद में दम तोड़ा। टक्कर का असर इतना तेज था कि खड़े ट्रेलर को भी आगे की ओर धकेल दिया।
गाड़ी के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं। पुलिस और स्थानीय बचाव दल को लोहे की छड़ों की मदद से दरवाजे तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालना पड़ा।
जांच शुरू, यातायात भी हुआ प्रभावित
स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, यह पूरी घटना पास के एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने अभी तक मृतकों की आधिकारिक सूची जारी नहीं की है, लेकिन शुरुआती जानकारी के अनुसार सभी अलंग शिप-ब्रेकिंग यार्ड में काम करने वाले कर्मचारी थे।
इस दुर्घटना के चलते कुछ देर के लिए इलाके का यातायात भी बाधित रहा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर किन परिस्थितियों में एसयूवी खड़े ट्रेलर से टकराई।
इनपुट: IANS



