मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026 · नई दिल्ली
गुजरात

गुजरात: घर के बाहर खेल रहे 3 साल के बच्चे को उठा ले गया तेंदुआ, तलाश के बाद शव बरामद

गुजरात के नवसारी जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना में, तेंदुए के हमले में तीन साल के एक बच्चे की जान चली गई। वांसदा तालुका के भीनार गांव में यह मासूम अपने घर के बाहर खेल रहा था, जब एक तेंदुए ने उस…

गुजरात: घर के बाहर खेल रहे 3 साल के बच्चे को उठा ले गया तेंदुआ, तलाश के बाद शव बरामद
(फोटो: IANS)

गुजरात के नवसारी जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना में, तेंदुए के हमले में तीन साल के एक बच्चे की जान चली गई। वांसदा तालुका के भीनार गांव में यह मासूम अपने घर के बाहर खेल रहा था, जब एक तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया और उसे उठाकर खेतों की ओर भाग गया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, यह पूरी घटना बच्चे की माँ की आंखों के सामने घटी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।

विज्ञापन

घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस और वन विभाग के साथ मिलकर बच्चे की तलाश शुरू कर दी। घंटों तक चले सघन तलाशी अभियान के बाद बच्चे का शव खेत के पास से बरामद किया गया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

वन विभाग का सर्च ऑपरेशन और जांच

धर्मपुर सब-डिविजन के एसीएफ भागीरथ सिंह झाला ने बताया कि रात करीब 8 से 8:30 बजे के बीच उन्हें इस घटना की जानकारी मिली थी। उन्होंने बताया, “सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची और खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।” बच्चे का शव मिलने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए वांसदा कॉटेज अस्पताल भेज दिया गया है।

अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह तेंदुए का हमला लग रहा है, लेकिन मौत के असल कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा देने के लिए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

तेंदुए को पकड़ने की कोशिशें जारीं

वन विभाग ने आदमखोर तेंदुए को पकड़ने के लिए अपनी कोशिशें तेज कर दी हैं। रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर के नेतृत्व में पांच टीमों का गठन किया गया है, जो तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही हैं। विभाग का कहना है कि तेंदुए को पकड़ने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं ताकि भविष्य में ऐसी कोई और दुखद घटना न हो।

इनपुट: IANS

N

News4Social गुजरात डेस्क

News4Social गुजरात डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से गुजरात से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →