साणंद में सेमीकंडक्टर प्लांट का उद्घाटन: PM मोदी 4 जुलाई को करेंगे शुरुआत, भारत की चिप-निर्माण क्षमता को मिलेगी नई उड़ान
भारत की सेमीकंडक्टर निर्माण यात्रा में एक महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार, 4 जुलाई को गुजरात के अहमदाबाद जिले स्थित साणंद में एक अत्याधुनिक आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर
भारत की सेमीकंडक्टर निर्माण यात्रा में एक महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार, 4 जुलाई को गुजरात के अहमदाबाद जिले स्थित साणंद में एक अत्याधुनिक आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली और टेस्ट (OSAT) सुविधा का उद्घाटन करेंगे। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, यह प्लांट भारत के महत्वाकांक्षी सेमीकंडक्टर मिशन के तहत मंजूर की गई पहली चार परियोजनाओं में से एक है।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने बताया कि पीएम मोदी राजस्थान में अपने कार्यक्रमों को पूरा करने के बाद शाम लगभग 4:30 बजे साणंद पहुंचेंगे और इस सुविधा का शुभारंभ करेंगे। उद्घाटन समारोह के बाद वह वहां उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे। यह प्लांट देश के उन शुरुआती सेमीकंडक्टर संयंत्रों में शामिल है, जहां व्यावसायिक उत्पादन औपचारिक रूप से शुरू होगा, जिससे वैश्विक सेमीकंडक्टर वैल्यू चेन में भारत की स्थिति और मजबूत होने की उम्मीद है।
7,500 करोड़ का निवेश, 5 अरब चिप्स का उत्पादन
इस अत्याधुनिक सुविधा को तैयार करने में 7,500 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया गया है। पूरी क्षमता के साथ काम करने पर यह प्लांट हर साल 5 अरब (5 बिलियन) सेमीकंडक्टर चिप्स का उत्पादन करने में सक्षम होगा। यह उत्पादन ऑटोमोबाइल, दूरसंचार, 5जी, औद्योगिक और इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों की बढ़ती जरूरतों को पूरा करेगा।
इसके अलावा, यह संयंत्र आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग के क्षेत्र में मेमोरी और स्टोरेज समाधानों की बढ़ती मांग को पूरा करने में भी अहम भूमिका निभाएगा।
एंड-टू-एंड टेस्टिंग और असेंबली
साणंद स्थित सीजी सेमी (CG Semi) का यह प्लांट सेमीकंडक्टर क्षेत्र में एंड-टू-एंड असेंबली और टेस्टिंग सेवाएं प्रदान करेगा। यहां दी जाने वाली प्रमुख सेवाओं में वेफर सॉर्टिंग, असेंबली, टेस्टिंग, पैकेज डिजाइन, फेल्योर एनालिसिस, टेस्ट प्रोग्राम डेवलपमेंट, प्रोडक्ट कैरेक्टराइजेशन और लॉजिस्टिक्स सपोर्ट शामिल हैं। PMO के मुताबिक, यह सुविधा देश में एक मजबूत घरेलू सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
इनपुट: IANS



