दुबई में बोले CM मोहन यादव — 'MP से पूरे भारत में 36 घंटे में डिलीवरी संभव, निवेशक आएं'
मध्य प्रदेश को निवेश का एक आदर्श केंद्र बताते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दुबई में निवेशकों को आमंत्रित किया है। उन्होंने राज्य की रणनीतिक भौगोलिक स्थिति का हवाला देते हुए कहा कि यहाँ से देश के किसी…
मध्य प्रदेश को निवेश का एक आदर्श केंद्र बताते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दुबई में निवेशकों को आमंत्रित किया है। उन्होंने राज्य की रणनीतिक भौगोलिक स्थिति का हवाला देते हुए कहा कि यहाँ से देश के किसी भी हिस्से में 24 से 36 घंटे के भीतर सामान पहुँचाया जा सकता है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, सीएम यादव ने यह बातें दुबई में आयोजित 'एनुअल इन्वेस्टमेंट मीटिंग (एआईएम) कांग्रेस-2026' के दौरान कहीं।
सोमवार को 'इन्वेस्ट इन मध्य प्रदेश, इंडिया' सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि राज्य सिर्फ 'मौकों की जमीन' नहीं है, बल्कि एक स्थिर और भरोसेमंद निवेश साझेदारी का केंद्र भी है। उन्होंने इस अवसर पर यूएई और अन्य देशों के निवेशकों को भोपाल में 2027 में होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए भी न्योता दिया।
क्यों खास है मध्य प्रदेश?
मुख्यमंत्री ने राज्य की खूबियों पर जोर देते हुए बताया कि दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, आधुनिक लॉजिस्टिक्स सुविधाओं और मजबूत सड़क-रेल नेटवर्क ने इसे मैन्युफैक्चरिंग और वितरण के लिए एक स्वाभाविक हब बना दिया है। सीएम यादव ने कहा, "मध्य प्रदेश तेजी से कृषि और फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, ऑटोमोबाइल, इंजीनियरिंग, फार्मास्यूटिकल्स, टेलीकम्युनिकेशन इक्विपमेंट, ऑप्टिकल फाइबर, इलेक्ट्रॉनिक्स, क्लीन एनर्जी और डिजिटल मैन्युफैक्चरिंग जैसे सेक्टर में एक मजबूत इंडस्ट्रियल इकोसिस्टम विकसित कर रहा है।"
कई देशों के साथ सहयोग पर चर्चा
अपनी दुबई यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और रूस के कई प्रमुख नेताओं और व्यापारिक समूहों के साथ मुलाकातें कीं। उन्होंने रास अल खैमाह के शासक शेख सऊद बिन सक्र अल कासिमी और तातारस्तान के प्रमुख रुस्तम मिन्निखानोव के साथ मैन्युफैक्चरिंग, फार्मा, लॉजिस्टिक्स, फूड प्रोसेसिंग, कृषि, पर्यटन और रिन्यूएबल एनर्जी जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा की।
इसके अलावा, यूएई के अर्थव्यवस्था और पर्यटन मंत्री अब्दुल्ला बिन तौक अल मर्री और विदेश व्यापार मंत्री थानी बिन अहमद अल जायौदी के साथ भी उनकी बैठक हुई। इन बैठकों में इंडस्ट्रियल पार्क, SEZ, ग्रीन एनर्जी, कोल्ड चेन, इलेक्ट्रिक वाहन और फार्मास्यूटिकल्स जैसे विषयों पर बातचीत हुई।
मंगलवार का व्यस्त कार्यक्रम
मुख्यमंत्री का मंगलवार का कार्यक्रम भी बैठकों से भरा है। वह राणा होल्डिंग्स, GEMS एजुकेशन, क्रिसेंट ग्रुप, प्योर हेल्थ, शराफ ग्रुप, चोइथराम्स और DP वर्ल्ड समेत कई बड़ी कंपनियों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों से मिलेंगे। साथ ही, शारजाह चैंबर के चेयरमैन अब्दुल्ला सुल्तान अल ओवैस से भी उनकी मुलाकात तय है।
इनपुट: IANS



