कूनो नेशनल पार्क: संदिग्ध गोलीबारी में चीता शावक की मौत, सीबीआई जांच की मांग उठी
मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में चीता संरक्षण कार्यक्रम को एक और बड़ा झटका लगा है। यहां एक 19 महीने के नर चीता शावक की मौत हो गई है, जिसके पेट से धातु के छर्रे मिले हैं। अधिकारियों को आशंका है कि…
मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में चीता संरक्षण कार्यक्रम को एक और बड़ा झटका लगा है। यहां एक 19 महीने के नर चीता शावक की मौत हो गई है, जिसके पेट से धातु के छर्रे मिले हैं। अधिकारियों को आशंका है कि शावक को गोली मारी गई थी, जिससे संरक्षित क्षेत्र के बाहर इन जानवरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह शावक मादा चीता 'निर्वा' की संतान था। 25 अक्टूबर की शाम को निगरानी दल को यह शावक श्योपुर से सटे मोरेना जिले के वन क्षेत्र में घायल अवस्था में मिला। उसे तुरंत कूनो लाकर शुरुआती इलाज दिया गया और फिर बेहतर इलाज के लिए जबलपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
प्रशासनिक लापरवाही के आरोप और जांच की मांग
इस घटना के बाद वन्यजीव कार्यकर्ता अजय दुबे ने वन विभाग पर सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस मामले की तत्काल सीबीआई जांच की मांग की है। दुबे ने कहा, "मैंने वर्षों से ऐसे खतरों के बारे में चेतावनी दी थी, लेकिन मध्य प्रदेश सरकार ने अनदेखी की। कूनो फील्ड डायरेक्टर पर भरोसा नहीं किया जा सकता।" उन्होंने कूनो के फील्ड डायरेक्टर उत्तम शर्मा, डीएफओ थिरु और एसडीओ अमृतांशु को पद से हटाने की भी मांग की है।
जांच के लिए विशेष टीमें तैनात
वन विभाग के सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि शावक के पेट में तीन से चार धातु की गोलियां (छर्रे) फंसी हुई पाई गईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए, इलाके में वन्यजीव सुरक्षा के लिए बनी विशेष इकाई 'स्पेशल टाइगर स्ट्राइक फोर्स' (एसटीएसएफ) को तैनात कर दिया गया है। IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, वन विभाग इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के लिए राज्य पुलिस की 'स्पेशल टास्क फोर्स' (एसटीएफ) की भी मदद ले रहा है।
फिलहाल जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि शावक को पारंपरिक 'भरमार' बंदूक से गोली मारी गई थी या किसी देसी 12-बोर बंदूक का इस्तेमाल किया गया था। फॉरेंसिक और बैलिस्टिक जांच के बाद ही हथियार के प्रकार का खुलासा हो सकेगा।
इनपुट: IANS



