नोएडा: डिलीवरी बॉय बन सूने घरों की रेकी, फिर करता था चोरी, लाखों की नकदी और गहनों के साथ गिरफ्तार
नोएडा में एक डिलीवरी बॉय को बंद घरों में चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि 26 वर्षीय आरोपी अपनी नौकरी की आड़ में उन घरों की पहचान करता था, जिन पर ताला लगा होता था, और…
नोएडा में एक डिलीवरी बॉय को बंद घरों में चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि 26 वर्षीय आरोपी अपनी नौकरी की आड़ में उन घरों की पहचान करता था, जिन पर ताला लगा होता था, और फिर मौका देखकर वहां चोरी को अंजाम देता था। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने उसके पास से दो लाख रुपये नकद, चोरी के गहने और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की है।
आरोपी की पहचान हरियाणा के पलवल निवासी अभिषेक के रूप में हुई है, जो फिलहाल नोएडा के सेक्टर-45 में किराए पर रहता था। गौतमबुद्धनगर के सेक्टर-39 थाने की पुलिस ने उसे 27 अक्टूबर को नोएडा के सेक्टर-41 से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के समय उसके पास से चोरी के आभूषण और नकदी मिली।
कैसे काम करता था आरोपी?
पुलिस जांच में सामने आया है कि अभिषेक डिलीवरी बॉय के तौर पर काम करते हुए अलग-अलग इलाकों में जाता था। इसी दौरान वह खाली पड़े मकानों और बाहर से ताला लगे घरों को चिह्नित कर लेता था। पुलिस ने बताया कि करीब दो हफ्ते पहले उसने सेक्टर-41 के एक ऐसे ही मकान को निशाना बनाया था और वहां से नकदी व गहने चुरा लिए थे।
चोरी के माल का क्या किया?
पूछताछ के आधार पर पुलिस ने जानकारी दी कि आरोपी ने चोरी किए गए गहनों को राह चलते किसी व्यक्ति को अपनी मजबूरी बताकर बेच दिया था। गहने बेचकर मिली रकम में से दो लाख रुपये उसकी स्कूटी से बरामद किए गए। पुलिस को आरोपी के पास से सफेद धातु की दो जोड़ी पाजेब, दो चुटकी और दो छोटे कड़े भी मिले हैं। पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल हुई जुपिटर स्कूटी को भी जब्त कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अभिषेक के खिलाफ 2020 में भी चोरी का एक मुकदमा दर्ज हो चुका है।
इनपुट: IANS



