यूपी MLC चुनाव: मतगणना में धांधली के आरोपों से सियासत गरमाई, अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग से की हस्तक्षेप की मांग
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 स्नातक और शिक्षक सीटों पर मतगणना के दौरान कई जगहों पर अनियमितताओं के आरोप लगने से राजनीतिक माहौल गरमा गया है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनाव प्रक्रिया…
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 स्नातक और शिक्षक सीटों पर मतगणना के दौरान कई जगहों पर अनियमितताओं के आरोप लगने से राजनीतिक माहौल गरमा गया है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से हस्तक्षेप की मांग की है। वहीं, गोरखपुर, आगरा और लखनऊ समेत कई निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवारों ने मतगणना में धांधली को लेकर आपत्ति जताई है।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे गंभीर आरोपों में से एक गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सामने आया। वहां मऊ के एक मतदान केंद्र पर मतपेटी से दर्ज वोटों से 50 अतिरिक्त मतपत्र निकलने का दावा किया गया। निर्दलीय प्रत्याशी अजय सिंह एडवोकेट ने बताया कि बूथ पर 623 वोट पड़े थे, लेकिन गिनती में 673 मतपत्र मिले, जिस पर उन्होंने लिखित आपत्ति दर्ज कराई है। उन्होंने एक अधिकारी पर भाजपा प्रत्याशी की पैरवी करने का आरोप लगाते हुए उन्हें मतगणना ड्यूटी से हटाने की भी मांग की है।
समाजवादी पार्टी ने उठाए गंभीर सवाल
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में गड़बड़ी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सपा प्रत्याशी कांति सिंह से संबंधित बूथ संख्या 97 पर बिना मुड़े हुए मतपत्र मिले हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "मतलब चोरी भी करो, तो चोरी भी ये भाजपा वाले ईमानदारी से नहीं कर पा रहे हैं।" अखिलेश ने भाजपा पर 'चुनावी गिरोह' होने का आरोप लगाते हुए प्रशासन और चुनाव आयोग के साथ गठजोड़ की बात कही।
इसके अलावा, आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतगणना रोके जाने पर भी सपा ने आपत्ति जताई। सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने दावा किया कि जब वह बढ़त बनाए हुए थे, तब गिनती रोक दी गई। इस मामले पर अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर चुनाव आयोग से निष्पक्ष मतगणना सुनिश्चित करने की अपील की।
विभिन्न केंद्रों पर मतगणना की स्थिति
विवादों के बीच प्रदेश के कई केंद्रों पर मतगणना जारी है। वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में पहले दौर की गिनती के बाद सपा प्रत्याशी लाल बिहारी यादव ने बढ़त बना ली। हालांकि, यहां करीब 200 संदिग्ध मतपत्र भी मिले, जिनकी दोबारा जांच की गई।
गोरखपुर-फैजाबाद: शुरुआती रुझानों में निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव आगे चल रहे थे, जबकि भाजपा और सपा के उम्मीदवार पीछे थे।
मेरठ: मतगणना स्थल पर भाजपा प्रत्याशी श्रीचंद शर्मा के समर्थकों में उत्साह देखा गया और वे शुरुआती बढ़त की खबरों के बाद जश्न मनाते नजर आए।
बरेली-मुरादाबाद: यहां दोपहर दो बजे मतगणना शुरू हुई, जहां आठ टेबलों पर मतों की गिनती की जा रही है।
उत्तर प्रदेश में कुल पांच स्नातक और छह शिक्षक MLC सीटों के लिए मतदान हुआ था। मतपत्रों के जरिए वोटिंग होने के कारण गिनती की प्रक्रिया में समय लग रहा है और अंतिम नतीजे आने में देर हो सकती है।
इनपुट: IANS



