मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026 · नई दिल्ली
राजस्थान

कोटा: प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्त के बदले घूसखोरी, नगर निगम का कर्मचारी रंगे हाथों गिरफ्तार

प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत मिलने वाली सहायता राशि की पहली किस्त जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने के आरोप में कोटा नगर निगम के एक संविदा कर्मचारी को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने…

कोटा: प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्त के बदले घूसखोरी, नगर निगम का कर्मचारी रंगे हाथों गिरफ्तार
(फोटो: IANS)

प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत मिलने वाली सहायता राशि की पहली किस्त जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने के आरोप में कोटा नगर निगम के एक संविदा कर्मचारी को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रंगे हाथों पकड़ लिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी अखिलेश मीणा को 10,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका एक साथी भनक लगते ही मौके से फरार हो गया।

विज्ञापन

एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि एक लाभार्थी ने कोटा एसीबी के पास शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि मकान निर्माण के लिए स्वीकृत 50,000 रुपए की पहली किस्त जारी करने के लिए नगर निगम के संविदा कर्मचारी अखिलेश मीणा और नरेश वर्मा रिश्वत की मांग कर रहे थे। उन्होंने यह भी धमकी दी थी कि यदि रिश्वत नहीं दी गई तो योजना की अगली किस्तें रोक दी जाएंगी।

शिकायत का सत्यापन और ट्रैप

शिकायतकर्ता के अनुसार, अखिलेश मीणा ने 10,000 रुपए और नरेश वर्मा ने 5,000 रुपए की मांग की थी। एसीबी ने 1 अक्टूबर 2026 को इस शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद, सोमवार को एसीबी की टीम ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय स्वर्णकार के निर्देशन में जाल बिछाया। टीम ने अखिलेश मीणा को नगर निगम परिसर के बाहर शिकायतकर्ता से 10,000 रुपए लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

एक आरोपी फरार, तलाश जारी

कार्रवाई के दौरान दूसरा आरोपी नरेश वर्मा ट्रैप की भनक लगते ही फरार हो गया। एसीबी की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं। ब्यूरो ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पूरी जांच अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और पुलिस महानिरीक्षक एस. परिमला की निगरानी में चल रही है।

इनपुट: IANS

N

News4Social राजस्थान डेस्क

News4Social राजस्थान डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से राजस्थान से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →